सुश्री सरोज कंसारी
लेखिका, कवयित्री व अध्यापिका
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
नवापारा-राजिम, (रायपुर, छ.ग.)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
आलेख:
प्रत्येक क्षण का सम्मान करना व सीखते हुए आगे बढ़ते रहना ही जीवन है।
-सुश्री सरोज कंसारी
”आज के डरावने माहौल में शांति, एकता और भाईचारा बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास आवश्यक हैं।”
================================
जीवन तेरा बहुत अनमोल है रे,
व्यर्थ न खोना इसका कोई क्षण रे।
प्रत्येक दिन नया कुछ काम तू कर,
सीख नया ज्ञान, छू ले शिखर रे।
इस भीषण और डरावने संसार में सेवा, सद्भाव, विश्व शांति और विश्व बंधुत्व की भावना को जगाए रखने के लिए अथक प्रयास होने चाहिए। हमारा जीवन अत्यंत अनमोल है; इसे फालतू की चीज़ों में बर्बाद करने के बजाय, इंसानों को रोज़ कुछ नया सीखना चाहिए और अच्छे काम करने चाहिए। ऐसा करके ही सब इंसान होने के अपने फ़र्ज़ को पूरा कर सकेंगे।
एक समय था जब बिना मोबाइल के जीवन में जो आनंद हम पाते थे, उसकी खुशियाँ ही अलग थीं। आज एक ही घर में सभी सदस्य साथ बैठे होते हैं, पर आपस में कोई संवाद नहीं होता। न हँसी-ठिठोली, न मनोरंजन। चारों ओर एक अजीब सी चुप्पी है। सब अपने में खोए हैं, हाथ में मोबाइल है। कोई फेसबुक पर है, कोई व्हाट्सएप पर चैट कर रहा है, कोई वीडियो शेयर कर रहा है, कोई यूट्यूब पर गेम खेल रहा है, तो कोई इंस्टाग्राम में व्यस्त है।
यह दृश्य हमें सोचने पर मजबूर करता है कि दोषी कौन है? कहना कठिन है, क्योंकि हम सभी इसके आदी हो चुके हैं। आज खान-पान, रहन-सहन, पहनावा, मनोरंजन, शिक्षा, करियर, स्वास्थ्य की जानकारी और शॉपिंग, हर चीज़ के लिए हम मोबाइल पर निर्भर हैं। पल भर में सारी जानकारी मिल जाती है, कहीं जाने की ज़रूरत नहीं।
मनुष्य ने अपनी बुद्धि के बल पर अनेक आविष्कार किए हैं ताकि जीवन सुख-सुविधाओं से भर जाए। मोबाइल भी एक ऐसा ही आविष्कार है। इसके कई सकारात्मक पहलू हैं। सही दिशा में उपयोग करें तो यह वरदान है। पर मन चंचल होता है। जिज्ञासा शांत करने और जल्दबाज़ी में हम बिना सोचे-समझे काम करने लगते हैं। जैसी आदत पड़ जाती है, उसी अनुसार हम जीने लगते हैं।
आज हर घर में एक ही शिकायत सुनाई देती है कि मोबाइल की वजह से बच्चे और युवा बिगड़ रहे हैं। सच यह है कि आज कोई भी इससे अछूता नहीं। हर वर्ग इसके आदी हो चुका है। मनोरंजन और जानकारी का सबसे सरल माध्यम मोबाइल बन गया है। पर इसके दुरुपयोग से हम जीवन के कई महत्वपूर्ण पहलुओं से दूर होते जा रहे हैं।
अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति करते-करते हम कब कहाँ पहुँच गए, पता ही नहीं चलता। आज जीवन का अर्थ जैसे सिर्फ मनोरंजन रह गया है। हर कोई मस्त है, पर किसी के पास फुर्सत नहीं। हम अपने मूल स्वरूप को भूल बैठे हैं। स्वार्थ बढ़ रहा है, प्रेम, सहयोग और अपनापन कम हो रहा है। सुबह उठने से रात सोने तक हम किसी न किसी बहाने मोबाइल से चिपके रहते हैं। सोशल मीडिया पर अधिक सक्रिय होने के कारण हम हकीकत की दुनिया से कटकर एक काल्पनिक जीवन जीने लगे हैं। बिना मोबाइल के हम खुद को शून्य और उदास महसूस करते हैं। हँसना, बोलना, रूठना, मनाना, सब अब मोबाइल में होता है। आत्मीय स्पर्श की ज़रूरत ही महसूस नहीं होती।
मोबाइल बुरा नहीं है। कोई भी आविष्कार बुरा नहीं होता। बुरा है उसका अंधाधुंध उपयोग। मोबाइल में बहुत कुछ है जिसे पढ़कर, सुनकर, जानकर हम अपना विकास कर सकते हैं। ज़रूरत है सार्थक चिंतन की। जीवन की शुरुआत परिवार से होती है। इसलिए हर परिवार को पहल करनी चाहिए। मोबाइल का उपयोग आवश्यकता अनुसार हो, लत न बने। करियर, संस्कृति, व्यक्तित्व विकास और परिवार पर ध्यान दें। हर पल का महत्व समझें।
शारीरिक और मानसिक विकास के लिए दिनचर्या व्यवस्थित करें। सुबह जल्दी उठें। स्नान, ध्यान, पूजन, योग, व्यायाम और बड़ों के आशीर्वाद से दिन की शुरुआत करें। पूरा परिवार साथ बैठकर नाश्ता करे। दिनभर की योजना पहले से तय हो। बुजुर्गों से रोज़ कुछ देर आत्मीय बात करें। माता-पिता को बताए बिना घर से न निकलें। शाम को साथ समय बिताएँ। दिनभर की चर्चा करें। हर सदस्य की बात सुनें, किसी को उपेक्षित न करें। रात में साथ भोजन करें, आसपास टहलें, समय पर सो जाएँ और पर्याप्त नींद लें।
परिवार में बच्चा, युवा, बुजुर्ग, सब अमूल्य हैं। एक-दूसरे के प्रति प्रेम, श्रद्धा और विश्वास हो। खुशी-गम, सोच, संगति, हर बात की जानकारी साझा हो। गलती पर समझाएँ, रूठने पर मनाएँ। भेदभाव न हो, एकता हो, मिल-जुलकर काम करने की प्रवृत्ति हो।
बच्चों के सामने मोबाइल कम चलाएँ। उनके सोने-जागने, पढ़ने-खेलने का समय तय हो। बचपन से संस्कार दें, बड़ों का सम्मान, शालीनता, साझा करना, समय की पाबंदी, साफ-सफाई। युवाओं को मार्गदर्शन दें। उन्हें मोबाइल के दुरुपयोग के परिणाम और सदुपयोग के लाभ बताएँ। उनकी ज़िम्मेदारी, माता-पिता के संघर्ष, सेवा भाव, देश प्रेम और महापुरुषों की जीवनी से परिचय कराएँ। उनकी प्रतिभा को निखारने का माहौल दें। उन्हें सुनें, समझें और आत्मनिर्भर बनने में मदद करें।
मोबाइल को जीवन का केंद्र बनाने के बजाय, रूठे-टूटे अपनों को जोड़ने का प्रयास करें। अपने व्यवहार, रहन-सहन और जीवनशैली पर ध्यान दें। मानव जीवन के उद्देश्य को समझें। मन को पवित्र करें। घर के बड़े परिवार को एक सूत्र में बाँधने की ज़िम्मेदारी निभाएँ।
आइए, हम सब संकल्प लें। परिवार की सुख-समृद्धि और रिश्तों की मिठास बनाए रखने के लिए मोबाइल का सीमित उपयोग करेंगे। परिवार संग समय बिताएँगे, मनोरंजन करेंगे और व्यक्तित्व विकास में सहयोग करेंगे। सद्व्यवहार, सादगी और संयमित जीवन अपनाएँगे। मधुर वचन बोलेंगे, सबके साथ समान व्यवहार करेंगे और हकीकत में जीवन का आनंद लेंगे, सिर्फ मोबाइल में नहीं।
इस भयभीत और संकटग्रस्त संसार में मानवीय सेवा, आपसी सद्भाव, वैश्विक शांति और वसुधैव कुटुंबकम् की भावना को जीवित रखने के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक है।
===============================







