लेखक – हरी राम यादव
सूबेदार मेजर (आनरेरी)
अयोध्या/ लखनऊ
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
क्राफ्टमैन कमलेश सिंह, सेना मेडल (मरणोपरांत)
ऑपरेशन विजय पाकिस्तानी सेना की धोखे और विश्वासघात की आदत का परिणाम था , वह अपने जन्म काल से ही जानता है कि आमने सामने के युद्ध में वह कभी भारत से जीत नहीं सकता । सन् 1947-48, 1965 और 1971 की हार की टीस उसे सोने नहीं देती इसलिए वह हमेशा भारत को नीचा दिखाने के लिए नई – नई तरकीबें सोचता रहता है । सन् 1999 के सर्दियों के मौसम में जब दोनों देशों की सेनाएं अपने बंकरों को खाली कर पीछे चली आई थीं तब उसी मौके का फायदा उठाकर पाकिस्तानी सेना ने उन पर कब्जा जमा लिया । जब 03 मई को इस बात का पता भारतीय सेना को चला तब उसने घुसपैठियों को खदेड़ने के लिए ऑपरेशन विजय और वायु सेना द्वारा ऑपरेशन सफ़ेद सागर शुरू किया ।
ऑपरेशन विजय के समय क्राफ्टमैन कमलेश सिंह 547 एफ आर आई में तैनात थे । जून 1999 में 547 एफ आर आई को 5 गार्ड्स के साथ कारगिल की ओर आगे बढ़ने की जिम्मेदारी सौंपी गयी थी ताकि पाकिस्तान के घुसपैठयों को खदेड़ा जा सके, जिन्होंने तोलोलिंग, टाइगर हिल और आस-पास की पहाड़ियों पर कब्जा जमा लिया था। 5 गार्ड्स के एक दल को 56 माउंटेन ब्रिगेड के तहत 2 राजपूताना राइफल्स के साथ तैनात किया गया था । 11 जून 1999 को कर्नल एम.बी. रविंद्रनाथ के नेतृत्व में 2 राजपूताना राइफल्स को तोलोलींग चोटी पर पुन: कब्ज़ा करने की जिम्मेदारी सौंपी गयी थी ।
युद्ध के दौरान क्राफ्टमैन कमलेश सिंह 5 गार्ड्स की टुकड़ी के साथ काम कर रहे थे । इनका दल एंटी टैंक गाइडेड मिसाइलों से लैस था । इन्फैंट्री यूनिटों के सैनिक पाकिस्तानी सेना पर हमले कर रहे थे और इनका दल अपनी इन्फैंट्री यूनिटों को सपोर्ट प्रदान कर रहा था । 15 जून 1999 को जब यह दल आगे बढ़ रहा था उसी समय पाकिस्तानी सेना के तोपखाने से भीषण फायरिंग होने लगी । इस पाकिस्तानी हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और गहरी चोटों और तेजी से होते रक्तश्राव के कारण वीरगति को प्राप्त हो गए।
क्राफ्टमैन कमलेश सिंह का जन्म 15 मई 1967 को जनपद गाजीपुर के गांव भैरवपुर में श्रीमती केशरी देवी और श्री अंजनाथ सिंह के यहाँ हुआ था। उनकी प्रारंभिक शिक्षा केन्द्रीय विद्यालय जामनगर (गुजरात) में हुई जहाँ उनके पिता उस समय पदस्थ थे। उन्होंने बड्डुपुर से जूनियर हाई स्कूल और नेहरू इंटर कॉलेज शहादियाबाद से हाई स्कूल की परीक्षा पास की । बचपन से ही उनका रुझान सेना की तरफ था क्योंकि वह उसी माहौल में बड़े हुए थे । 31 जुलाई 1985 को 18 वर्ष की आयु में वह सेना की इलेक्ट्रिकल मैकेनिकल इंजीनियरिंग (ई एम ई) कोर में भर्ती हो गए । एक वर्ष सेवा के पश्चात उनका विवाह 13 मई 1986 को सुश्री रंजना देवी से हुआ। क्राफ्टमैन कमलेश सिंह के परिवार में उनके माता पिता के अलावा उनके तीन भाई रामशब्द सिंह , राजेश सिंह और राकेश सिंह हैं । वह अपने चार भाइयों में दूसरे नंबर के बड़े बेटे थे । उनके पिता श्री अंजनाथ सिंह राजपूत रेजिमेंट से आनरेरी कैप्टेन के पद से सेवानिवृत्त हैं।
क्राफ्टमैन कमलेश सिंह को उनके साहस और दृढ इच्छा शक्ति और कर्तव्य के प्रति समर्पण के लिए मरणोपरांत सेना मेडल से सम्मानित किया गया ।
क्राफ्टमैन कमलेश सिंह की वीरता और बलिदान को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए उनके गांव को जाने वाली सड़क के तिराहे पर उनकी प्रतिमा लगायी गयी है और जहां पर उनका अंतिम संस्कार किया गया था वहां पर समाधि स्थल बनाया गया है।







