सुश्री सरोज कंसारी
लेखिका, कवयित्री व अध्यापिका_
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
नवापारा-राजिम, रायपुर, (छ.ग.)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
आलेख:
“विनम्र बने रहें, सीखिए और जीवन साधिए”
— सुश्री सरोज कंसारी
============================
अहंकार को मिटा हृदय से, तू विनम्रता सीखता जा,
बोझ नहीं यह अनुपम जीवन, साधना इसे तू मानता जा।
जीवन से मत भाग ओ पथिक, इसमें सुंदर भाग तू ले,
चेतना के इस पावन पथ पर, जीवन को तू साधता जा।
अधिकांशतः लोग सोचते हैं कि दूसरों के सामने झुकना कमजोरी की निशानी है, किंतु वास्तव में मनुज का झुकना उसकी निर्बलता नहीं, बल्कि उसके भीतर की परिपक्वता को दर्शाता है। अपने भीतर के खोखले अहंकार और घमंड को पूरी तरह त्याग देना ही मनुष्य की सबसे असली और वास्तविक ताकत है, क्योंकि झुकता वही है जिसमें जान होती है, अकड़ तो मुर्दे की पहचान होती है। यह संपूर्ण जीवन हमारे अपने दृष्टिकोण का खेल है। अगर आप जीवन की कठिनाइयों और जिम्मेदारियों को एक भारी बोझ मानकर जिएंगे, तो बहुत जल्दी मानसिक और शारीरिक रूप से थक जाएंगे। इसके विपरीत, यदि आप इसी जीवन को एक पवित्र साधना मान लेंगे, जहाँ हर चुनौती एक परीक्षा है, तो आपका हर एक पल सार्थक, आनंदमयी और अर्थपूर्ण हो जाएगा। विनम्रता कोई कमजोरी नहीं, बल्कि एक ऐसा आभूषण है जो इंसान के व्यक्तित्व को निखारता है।
असली जीत वही है जो किसी और की खुशी के लिए स्वयं हार जाए।…समय का चक्र यूं ही नहीं चलता। सृष्टि की हर रचना खूबसूरत है, यहाँ कुछ भी बेवजह नहीं—चाहे वह जड़ हो या चेतन। इसका सार यही है कि जीवन का हर क्षण अमूल्य है, जो एक बार बीत जाए तो लौटकर नहीं आता। इसलिए हर सुबह हमें यही संदेश देती है कि इन लम्हों को खास बनाकर जियो। हर भोर नवजीवन और नव निर्माण का संकेत लेकर आती है। वह प्रेरणा देती है, उम्मीद के द्वार खोलती है, अवसर देती है—कुछ कर दिखाने का संकल्प लेने के लिए। अधूरी ख्वाहिशों को पूरा करने का जुनून भरती है, उत्साह का संचार करती है।
अतीत की दुखद कल्पनाओं से निकलकर उनसे सीख लो, और वर्तमान को श्रेष्ठ बनाओ। उदास मन में उम्मीद की रोशनी भरती है, चिंता की लकीरें मिटाती है, चुनौतियों के लिए तैयार करती है। कर्मपथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है, जिम्मेदारी निभाने का बोध कराती है। मेहनत को धर्म मानकर समर्पित हो जाओ। मर्यादा, संयम, शील, संस्कार और सदाचार की राह पर चलकर जीवन को धन्य करने के कई विकल्प सुबह देती है। थकान के बाद भी चैन की नींद पाना आसान नहीं होता। अंतर्मन की गहराई में कई सवाल उठते हैं, जो समझ से परे हो जाते हैं…कभी-कभी चारों दिशाओं से एक अजीब-सी व्याकुलता घेर लेती है, जिसका हमसे दूर-दूर तक कोई संबंध नहीं होता। शुरुआत हो जाती है, पर अंत नहीं दिखता। विचित्र स्थिति बन जाती है, पर समाधान नहीं मिलते।
सुबह जब नींद खुलती है, तब पता चलता है कि नकारात्मक ऊर्जा जीवन में कितनी प्रबलता से प्रवेश कर चुकी है। उसे सकारात्मक दिशा देना बहुत जरूरी है। विचारों को आने से रोका नहीं जा सकता—वे हर दिन नए रूप में आएंगे। लेकिन उन्हें दिमाग में भरकर रख लेने से विकास के मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो जाते हैं। रात की गहराई में अनचाहे ही हम डूब जाते हैं। सपने उमड़ते हैं, जिनमें रिश्तों को थाम लेने का हुनर सामंजस्यपूर्ण सोच से मिलता है। कड़वाहट की हर घूंट अकेले में, सन्नाटे और दहशत के बीच पीनी पड़ती है। एक इंतजार में ही जिंदगी गुजर जाती है, फिर भी सहनशक्ति के लिए जी भरकर अकेले में रोना पड़ता है।
कितनी भी कोशिश कर लो, किसी-न-किसी बात का अफसोस बार-बार हृदय को बेचैन करता है। अनियंत्रित भावनाओं को थामना भी पड़ता है। थकान ही उन्हें सुकून देती है, जो विचारों के समंदर से कुछ राहत भरे पल चाहते हैं। रात के सन्नाटे में मौन अक्सर मुखर हो जाता है। दिनभर की व्यस्तता में दबे हर एहसास सुप्त अवस्था से जाग उठते हैं। उस समय जो बातें हम खुद से करते हैं, उसमें हमारी मुलाकात अंतरात्मा से होती है—जहाँ झूठ और बनावट का कोई स्थान नहीं। दिल की हर बात सच्ची होती है, हर निर्णय सही होता है, कोई असमंजस नहीं रहता। अंदर से जो आवाज आती है, उसमें आत्मीयता होती है। फिर व्यथित मन शांत और एकाग्रचित्त हो जाता है। खुद से मुलाकात के बाद जो आत्मबल मिलता है, उसे दुनिया की कोई शक्ति हरा नहीं सकती। इसलिए कहा गया है—दुनिया की प्रपंच से दूर, एकांत में जो आत्मसाक्षात्कार होता है, वही सबसे महत्वपूर्ण है। “इस संसार में सभी मनुष्य अंतर्मुखी नहीं होते, अधिकतर बहिर्मुखी स्वभाव के होते हैं। अंतर्मुखी व्यक्ति अपने भीतर देखते हैं। अपनी चेतना के साथ निरंतर बढ़ते चलिए…भावुकता कोई दुर्बलता नहीं है, किंतु इसे जीवन में बोझ बनाकर ढोना नहीं है।”
यही वह समय है जब हम अपनी आंतरिक शक्ति पहचानते हैं। बुराई पर गौर करते हैं, तो मन के हर कुविचार धीरे-धीरे दूर हो जाते हैं। न चाहते हुए भी कुछ बुरी आदतें, व्यवहार और कार्यशैली हम पर हावी हो जाती हैं। मानसिकता हर पल एक-सी नहीं रहती। जीवन के विभिन्न भागों में अपनी भूमिका निभानी पड़ती है—माहौल में ढलना पड़ता है, परिस्थिति को समझना पड़ता है। इसी बीच स्वभाव में बदलाव आ जाते हैं…चिड़चिड़ापन, क्रोध, उदासी और थकान कई बातें साथ ले आते हैं। उस समय उचित-अनुचित का ध्यान नहीं रहता। इसलिए दिनभर की भागदौड़ के बाद दुनिया की चिंता छोड़कर स्व-मूल्यांकन के लिए समय निकालो। बेहतर जीवनशैली बनाने में यही सबसे बड़ा सहयोग देगा।
हर पल नम्रता धारण करने के लिए साधना, तपस्या और संकल्प आवश्यक है। कथनी और करनी में एकरूपता लाने के लिए आत्म-मंथन आवश्यक है। हजारों अच्छी बातें पढ़ लेने से कुछ नहीं होता, उन्हें ग्रहण करने का गुण चाहिए। किसी पर निर्भर रहने से मौलिकता का हन होता है। अपने मूल स्वभाव को विस्तारित करना जरूरी है। हर इंसान में महानता के कई लक्षण होते हैं—उन्हें जानना अति आवश्यक है। स्वतंत्र अस्तित्व से ही उलझन में भी नया माहौल बनता है, जिसमें आनंद के अनेक सोपान होते हैं। हर समय दूसरों की नकल उचित नहीं। विवेक का प्रयोग न करने से ही संदेह पैदा होता है। संतुलित कार्य-योजना बनाओ और उसे क्रियान्वित करते जाओ। हर रात के बाद सवेरा होता है—यही प्रमाण है कि जिंदगी रुकती नहीं। ग़म और खुशी अपनी गति से चलते रहते हैं। वैसे ही हमें भी बिना संकोच और भय के सही राह पर बढ़ते रहना चाहिए, और परिणाम को स्वीकार करना चाहिए। जीत के लिए प्रतिस्पर्धा ठीक है, लेकिन कभी-कभी हारकर किसी को जीत का मौका देना भी अपार खुशी देता है।
इसलिए यह जीवन को बोझ नहीं, साधना मानकर जीना है। जो बीत गया उसे पाठ बना लें, जो आ रहा है उसे अवसर। हर ठोकर से नम्रता सीखो, हर सफलता से विनम्रता। जब मन थक जाए तो रुककर अपने भीतर झाँको — वही शक्ति मिलेगी जो बाहर कहीं नहीं। और याद रखो, उगते सूरज की तरह तुम्हारे भीतर भी रोज नया उजाला सम्भव है। बस भय को पीछे छोड़कर, सही राह पर पहला कदम उठाने का साहस चाहिए।







