संजय सोंधी,
(संयुक्त निदेशक)
शिक्षा निदेशालय, दिल्ली सरकार
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
लोक संस्कृति की महानायिका डॉ. तीजन बाई को भावभीनी श्रद्धांजलि: पंडवानी के एक युग का अवसान।
छत्तीसगढ़ की पावन माटी से निकलकर वैश्विक रंगमंच पर भारत का गौरव बढ़ाने वाली, पंडवानी की मूर्धन्य गायिका डॉ. तीजन बाई का निधन (05-July-2026) कला जगत के लिए एक ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं होगी। 70 वर्ष की आयु में इस नश्वर संसार को अलविदा कहने वाली तीजन बाई ने न केवल छत्तीसगढ़ की लोक विधा पंडवानी को जीवित रखा, बल्कि उसे सात समंदर पार एक अद्वितीय पहचान भी दिलाई। वर्ष 1956 में जनमी और पारधी जाति की इस अद्भुत प्रतिभा ने रूढ़ियों को तोड़कर जो मुकाम हासिल किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उनका जाना लोक संस्कृति के एक स्वर्णिम अध्याय का अंत है।
तीजन बाई का संपूर्ण जीवन संघर्ष, जीवटता और कला के प्रति अटूट समर्पण की एक जीवंत महागाथा है। एक ऐसे दौर में जब महिलाओं का मंच पर आना ही बड़ी बात थी, उन्होंने हाथ में तंबूरा थामा और महाभारत की कथाओं को अपनी ओजस्वी वाणी से जीवंत करना शुरू किया। वे वेदवती शैली के विपरीत, जिसमें कलाकार बैठकर गाते हैं, कपालिक शैली की पुरोधा बनीं। कपालिक शैली में खड़े होकर, अभिनय और नृत्य के साथ पूरी ऊर्जा से कथा का वाचन किया जाता है। जब तीजन बाई मंच पर हाथ में तंबूरा लेकर दुशासन वध या कीचक वध का प्रसंग सुनाती थीं, तो तंबूरा कभी गदा, कभी धनुष तो कभी तलवार बन जाता था। उनकी कड़कती आवाज, आंखों के तीखे हाव-भाव और अद्वितीय अभिनय दर्शकों को उस पौराणिक कालखंड में ले जाते थे।
उनकी असाधारण प्रतिभा को वैश्विक पटल पर पहली बार वर्ष 1985 में पहचान मिली, जब उन्होंने ‘भारत महोत्सव’ पेरिस में अपनी पहली शानदार प्रस्तुति दी। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने देश-विदेश के अनगिनत मंचों पर पंडवानी का परचम लहराया। कला के प्रति उनके इसी बेमिसाल योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों से नवाजा। उन्हें 1988 में पद्मश्री, 2003 में पद्मभूषण और 2019 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। उन्हें भारत के चार विभिन्न विश्वविद्यालयों द्वारा मानद डॉक्टरेट की उपाधि से भी सम्मानित किया गया। उन्हें संगीत नाटक अकादमी फ़ेलोशिप और संगीत नाटक अकादमी सम्मान से भी सम्मानित किया गया था। ये सम्मान केवल तीजन बाई का नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की उस लोक संस्कृति का सम्मान था, जिसे उन्होंने अपने खून-पसीने से सींचा था।उनके महाभारत के पंडवानी चित्रण को प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक श्याम बेनेजल ने अपने ऐतिहासिक टीवी धारावाहिक “भारत एक खोज” में भी चित्रित किया था।
तीजन बाई भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी सशक्त आवाज, उनकी वह बेबाक मुस्कान और मंच पर उनका वह रौद्र रूप हमेशा कला प्रेमियों के दिलों में जिंदा रहेगा। उन्होंने लोक कला को जो सम्मान और गरिमा दिलाई, उसके लिए यह देश हमेशा उनका ऋणी रहेगा। माटी की इस महान बेटी और छत्तीसगढ़ की गौरव को शत-शत नमन और अश्रुपूरित भावभीनी श्रद्धांजलि।







