सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री/लेखिका/अध्यापिका
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
गोबरा नवापारा-राजिम,
रायपुर, (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
खुद को छोटा मत समझो ! हौसला रख आकाश का
— सुश्री सरोज कंसारी
इंसान अपने हालात से नहीं, बल्कि अपने दिमाग में चलने वाले विचारों के तूफान से थकता व दुखी होता है; इसलिए सबसे ज़्यादा कोशिश यही रहनी चाहिए कि हम हर पल को ख़ुशी से बिताएं।
=========================
वर्तमान को केवल बिताना नहीं है,
इसे पूरी जीवंतता से जीना है।
मन में पूर्ण विश्वास रखो कि जो घट रहा है
वह भी कल्याणकारी है,
और जो आगे घटित होगा वह भी सुंदर होगा।
आसमान को छूने का हौसला हृदय में रखते हैं, हम किसी से कम नहीं, सदा यह याद रखते हैं। ध्यान रखना..! जो पल आपके पास अभी है, वही एकमात्र सत्य है। कल की चिंता आज के दुखों को कम नहीं करती, बल्कि आज के सुकून को भी छीन लेती है। शांत मन से इस बहती हुई जिंदगी को स्वीकार करना सीखें। जब आप शिकायतें छोड़कर स्वीकार भाव में आते हैं, तो भीतर का सारा बोझ खुद-ब-खुद हल्का हो जाता है। अपनी सांसों की गति को महसूस करें और खुद से कहें—‘मैं इस पल में सुरक्षित हूँ, शांत हूँ और पूरी तरह जीवित हूँ।
तुम इंसान हो, जिसमें असीम संभावनाएं हैं। समय रहते अपने जीवन को नई दिशा और सोच दो। वक्त के साथ खुद को नया आकार दो। आप जो बन सकते हैं, वही मेहनत कीजिए। जहां ठहरना चाहते हैं, उसी दिशा में चलिए। जो आपके अंतर्मन के भाव को समझ सके, उसी से कहिए। बाकी सबको बिना देर किए छोड़ दीजिए। बेवजह के लोगों के पीछे जाकर अपना दिल मत दुखाइए।
आप एक बीज की तरह हैं। उचित कार्य, व्यवहार और माहौल देकर अपने व्यक्तित्व का निर्माण एक छायादार वृक्ष की भांति कीजिए, जहां जीवन से थके-हारे और मायूस लोगों को शीतल छांव मिल सके। आपके सान्निध्य में किसी व्याकुल मन को सुकून मिल जाए, इससे बड़ी उपलब्धि और क्या होगी? हर व्यक्ति में अद्भुत कार्य-क्षमता छुपी होती है, बस उसे समय पर उपयोग करना है। अपनी भावनाओं को दिल में दबाकर मत रखिए, उन्हें सही जगह व्यक्त कीजिए। अगर आप अपनी हर ख्वाहिश को दबाकर रखेंगे और उसे जीने की कोशिश नहीं करेंगे, तो बेचैनी और उदासी भरी जिंदगी जिएंगे।
हर बार अपनी खुशियों को दूसरों के लिए समर्पित मत कीजिए। अपने हिस्से की खुशी पाने के आप हकदार हैं, उससे समझौता मत कीजिए। मेहनत कीजिए और खुद को निखारते रहिए। डरकर शुरुआत ही न करना आपकी सबसे बड़ी कमजोरी है। गम का अंधेरा आज है, तो कल खुशी की सुबह भी होगी। समझदारी से काम कीजिए। हर परिस्थिति से सीखते रहिए और अनुभव से नया मुकाम हासिल कीजिए। जहां से ज्ञान मिले, ग्रहण कीजिए। कड़वाहट, नफरत और दर्द मत दीजिए। किसी को मिठास देकर भी आप अपने मन की शांति बनाए रख सकते हैं। बदला लेने की बजाय अपनी मन:स्थिति बदल लीजिए। दूसरे क्या करते हैं, इससे मतलब मत रखिए। जो आपके लिए सही है, वही कीजिए। संघर्ष से आपमें हर दिन नई ताजगी आती है। धैर्य रखिए और शांत होकर अपने हर सवाल का जवाब ढूंढिए। जीवन हर पल जीने के लिए एक नया विकल्प देती है। मन की हर नकारात्मक सोच को निकाल दीजिए।
आप सब कर सकते हैं। कोई काम कठिन है तो उसे अपनी मेहनत, लगन और कोशिश से सरल कीजिए। किसी भी हालात में खुद को कमजोर और दुखी मत मानिए। समय के साथ सब बदलता है, बस धैर्य रखने की जरूरत होती है। हम खुद के बारे में जैसा नकारात्मक सोचते हैं, वैसे ही बनते जाते हैं। इसलिए अपने आप को हमेशा खास समझिए और महत्व दीजिए। जो समय हम दूसरों के बारे में सोचने, उन्हें भला-बुरा कहने और उनकी जिंदगी में ज्यादा ध्यान देने में लगा देते हैं, वही समय अगर खुद को मजबूत बनाने में लगाएं तो हमें सफलता अवश्य मिलेगी। जब दुख के समय हम यह सोच लेते हैं कि “मैं ही दुखी हूँ, कोई साथ नहीं, सब झूठे हैं, बेबस हूँ”, तो हम भीतर से कमजोर महसूस करते हैं। आज से ही एक नई शुरुआत कीजिए, एक बड़े लक्ष्य के साथ। जो सपने हैं, उन्हें पूरा कीजिए। मन को ज्यादा मत समझाइए, बस खुश रहने दीजिए। अपनी नादानी और बचपने को जिंदगी की उलझनों में खोने मत दीजिए।
आवश्यकता है सजगता और ध्यान के साथ जीने की। क्या आपने कभी गौर किया है कि हर दिन कौन सी चीज़ आपको भीतर से भारी करती है? इंसान खुद दुखी नहीं होता, बल्कि उसका अत्यधिक सोचना (ओवरथिंकिंग) उसे परेशान करता है। अगर वह हिम्मत से काम ले, तो उसकी व्याकुलता उसे क्षण भर भी दुखी नहीं कर सकेगी। आज में जीकर देखो! जो अतीत में बीत गया, उसे भुला दो। आज के इस अनमोल पल में न अतीत की परछाई को आने दो, न भविष्य की चिंता को। यही जीवन का शुद्ध आनंद है।
कद्र करो उसकी जो अभी पास है,
यही जीवन का सबसे जरूरी एहसास है।
कोशिश यही रहे हर एक सांस के साथ,
एक भी पल न हो दुखी हमारा मन और जज्बात।
हमारे भीतर की जो व्याकुलता है, वह हमारी स्वयं की बनाई हुई है। यदि हम आज में पूरी हिम्मत के साथ जिएं, तो यह व्याकुलता हमें परेशान नहीं कर सकेगी। हमारी हर सांस के साथ यही कोशिश होनी चाहिए कि हम अपने मन और भावनाओं (जज्बात) को उदास न होने दें। बाहरी परिस्थितियाँ चाहे जैसी भी हों, हमें अपने भीतर की शांति और सकारात्मकता को बनाए रखना चाहिए। किसी भी पल को दुख में नहीं गंवाना चाहिए…जिंदगी की खूबसूरती सिर्फ़ इस लम्हे को खुशी से जीने में है। कल किसने देखा है, और गुजरा हुआ कल कभी लौटकर नहीं आता। हमारे पास बस ‘आज’ और ‘अभी’ का ही वक्त है, इसलिए आज के एक भी पल को मायूसी की नजर नहीं करना चाहिए। केवल वर्तमान ही हमारा है। इसलिए जीवन की सुंदरता ‘आज’ और ‘अभी’ को पूरी खुशी से जीने में है।
………………………………………………







