सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री/लेखिका/अध्यापिका
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
गोबरा नवापारा-राजिम, रायपुर, (छ.ग.)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
जिंदगी का फलसफा
(कविता)
कहीं हैरान, तो कहीं परेशान है जिंदगी;
कहीं सवाल, तो कहीं जवाब है जिंदगी।
ऊँचे हों बुलंद हौसले, तो कमाल है जिंदगी;
बहते रहें ना गम के आँसू,
करे कुछ अपनों के हित जो,
बस वही साकार है जिंदगी।
कहीं खुशी की महफिल,
तो कहीं गम की वीरानी है;
चल पड़े जो काँटों की राह पर,
तो फूलों की महक है जिंदगी।
उलझ जाए उलझनों में,
तो सिर्फ सवाल है जिंदगी;
सुलझा दे जो हर मुश्किल,
तो बेमिसाल है जिंदगी।
पग-पग पर दर्द का सैलाब है जिंदगी;
ले ले जो किसी का दर्द,
वह नया एहसास है जिंदगी।
ढूंढता रहे हर पल खुशी,
तो सिर्फ प्रयास है जिंदगी;
कर दे समर्पण सब कुछ
बेसहारों के हित जो,
वह हसीन दास्तान है जिंदगी।
क्या केवल रोजी-रोटी
और साँसों का नाम है जिंदगी?
सोचो और जान लो—
आत्मा का बसेरा,
तन का किराये का मकान है जिंदगी!







