संवाददाता सोयतकलां: गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
शासकीय महाविद्यालय सोयतकलां में “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” जनजागरूकता अभियान का हुआ शुभारंभ।
सोयतकलां : मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शासकीय महाविद्यालय सोयतकलां में “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” जनजागरूकता अभियान का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सविता यादव द्वारा किया गया। अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. सविता यादव ने कहा कि “युवा वर्ग यदि नशे से दूर रहेगा, तो वह अपने परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकेगा। नशा व्यक्ति की प्रतिभा, स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य का सबसे बड़ा शत्रु है।” उन्होंने विद्यार्थियों से नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया।
अभियान के प्रथम दिवस महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा जागरूकता रैली, नशा मुक्ति स्लोगन तथा जनजागरूकता पंपलेटों का वितरण किया गया। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने नगरवासियों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सुरक्षित जीवन अपनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कार्यक्रम अधिकारी श्री रामप्रसाद दांगी ने नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने का आग्रह किया। वहीं स्वामी विवेकानन्द करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के संयोजक श्री हर्षवर्धन राठौर ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि “युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। यदि युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, संस्कार और सकारात्मक सोच को अपनाएँ, तो एक स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित भारत का निर्माण संभव है।”
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ. सविता यादव ने सभी छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प कराया।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. राजेश पाटिल ने किया, जबकि अंत में डॉ. राजेंद्र प्रसाद दांगी ने, प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।







