संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.):दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
शिक्षक के अपहरण और 10 लाख की फिरौती मांगने के मामले में आरोपी गिरफ्तार।
कन्नौज: तालग्राम थाना पुलिस ने सरकारी शिक्षक के अपहरण और 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मामले में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस के मुताबिक, 14 जुलाई को तिर्वा थाना क्षेत्र के ग्राम कटरा बहसार निवासी देशराज सिंह ने अपने 31 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार राजपूत के स्कूल से घर वापस न लौटने पर गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 20 जुलाई को उन्होंने तालग्राम थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि अविनाश राजपूत, सर्वेन्द्र कुमार कुशवाहा, केशव पंडित और सागर ने एक राय होकर उनके पुत्र का अपहरण कर मारपीट की और 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी।
इस मामले में पुलिस ने गुमशुदगी को मुकदमे में तरमीम कर चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस ने 20 जुलाई को तीन आरोपियों अविनाश राजपूत, सर्वेन्द्र कुमार कुशवाहा और केशव पंडित उर्फ केशव अवस्थी को गिरफ्तार किया था। विवेचना के दौरान प्रकाश में आए आरोपी प्रमेश पुत्र जगदीश सिंह निवासी फगुआ लोहामढ़, थाना तिर्वा को बुधवार को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के तिर्वा अंडरपास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर शिल्पा वर्मा के नेतृत्व में थाना तालग्राम पुलिस टीम ने की।







