सुश्री सरोज कंसारी
लेखिका/कवयित्री/शिक्षिका
अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति,
गोबरा नवापारा, राजिम, रायपुर (छत्तीसगढ़)
(नया अध्ययाय, उत्तराखण्ड)
आलेख:
(महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर विशेष)
“23 जुलाई: उस शेर की जयंती, जिसने डर को गोली मार दी” – सुश्री सरोज कंसारी।
————————————————–
क्रांतिकारी वही होते हैं जिनके जज्बात बुलंद हों, वही बनते हैं चंद्रशेखर आजाद। क्रांतिकारी भावना का आह्वान करने वाले वीर सपूत थे चंद्रशेखर आज़ाद। धन्य है यह जग-जननी भारत की भूमि, जिसकी गोद में अनेक वीर सपूतों ने जन्म लिया। ममता की छाँव में पल्लवित और पुष्पित होकर उन्होंने इस माटी को अपने माथे का तिलक बनाया। राष्ट्र के ऋण को चुकाने के लिए समर्पण की राह पर चलकर उन्होंने देशभक्ति की लौ जलाई। मनुष्य जन्म लेता है और अपनी आवश्यकता अनुसार जीवन निर्वाह करता है, लेकिन धन्य हैं वे जो अपने रक्त से त्याग, तपस्या और बलिदान की कहानी लिखते हैं। जिनमें स्वार्थ से ऊपर उठकर देशहित में प्राणों की आहुति देने का जज़्बा होता है। भारत की यह भूमि सदा से वंदनीय रही है। अपने शौर्य और साहस से अनेक महापुरुषों ने नवजागरण के लिए सुप्त मानव समुदाय के मन में सेवा और सत्कर्म की प्रेरणा दी। माँ और पुत्र का संबंध अटूट होता है। माँ असीम स्नेह देकर पालन-पोषण करती है और हर दुख से दूर रखती है। लेकिन जो माँ अपनी संतान को हर कठिन परिस्थिति से लड़ना सिखाती है, सत्य का मार्ग दिखाती है और निजी स्वार्थ त्यागकर राष्ट्र-चिंतन के लिए तैयार करती है, वही अनुकरणीय है। राम, कृष्ण, गौतम, गांधी, तिलक, टैगोर जैसे पुत्रों को संस्कार देकर, उच्च गुणों से सुशोभित कर, देश के लिए बलिदान हेतु प्रेरित करने वाली माताएँ सामान्य नहीं, वंदनीय हैं। आज युवाओं के सपने पढ़-लिखकर नौकरी करना और पद-प्रतिष्ठा व धन-दौलत अर्जित करना हैं, क्योंकि आज की शिक्षा व्यवस्था केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित है। यह चुनौतियों का सामना करने, आज्ञाकारिता, सेवा, शांति और सद्भाव स्थापित करने में सक्षम नहीं है। आज चारों ओर आतंक, अत्याचार और भ्रष्ट व्यवस्था के कारण मानव-मन में अशांति है। आवश्यकता है ऐसे लोगों की जो फिर से अलख जगाएँ, इन बुराइयों से लड़कर धरती को फिर से ‘सोने की चिड़िया’ बना दें। युवावर्ग में देशभक्ति का भाव विकसित करने के लिए केवल बड़ी-बड़ी डिग्रियाँ पर्याप्त नहीं हैं। नैतिक, चारित्रिक और संस्कारयुक्त ज्ञान आवश्यक है, जो मानसिकता को संकीर्ण नहीं, विशाल बनाए। ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ को सही मायनों में स्थापित करने की दिशा में अग्रसर हो। जो भटके हुए युवा को सही मार्ग दिखाए, भारतीय संस्कृति की महानता को उजागर करे। युवा शक्ति का प्रयोग देश, धर्म और राष्ट्र के लिए करके ही धूमिल हो रही मानवता को पुनर्जीवित किया जा सकता है। प्रत्येक अभिभावक, शिक्षक और समाज के प्रबुद्धजन का कर्तव्य है कि प्रत्येक बालक में योद्धा के गुण हों, वह निर्भीक, साहसी और पराक्रमी बने। प्रत्येक बाला में सीता, सावित्री और दुर्गा की झलक हो। इसके लिए उनका पालन-पोषण और शिक्षा-संस्कार भी वैसे ही देने होंगे। सबसे महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारी शिक्षण संस्थाओं की है। उन्हें वीर क्रांतिकारियों की जीवनियाँ बताकर प्रेरित करना चाहिए, ताकि युवा अपने परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति ज़िम्मेदारी का निर्वहन करें। भारत माता हैं और हम उनकी संतान हैं। इसी पवित्र धरा पर एक ऐसे सपूत ने जन्म लिया जिसने अपने पराक्रम से आने वाली पीढ़ियों के लिए नई प्रेरणा स्थापित की। उनका संदेश हर युवा के लिए है: जियो तो देश के लिए। जब तक तन में प्राण हैं, अत्याचार के खिलाफ लड़ो। कायर और डरपोक बनकर जीने से बेहतर है कर्मठ योद्धा बनना। जो देशहित में हर तूफ़ान से टकराने की ठान लेते हैं, वही मरकर भी सदियों तक जीवित रहते हैं। कम उम्र में ही जिनके सीने में क्रांति की ज्वाला थी, होठों पर मुस्कान, चेहरे पर आलौकिक तेज, वाणी में ओज था। जिसे सुनकर अंग्रेज़ भी काँप जाते थे। आजादी के दीवाने थे, जिन्हें अपने प्राणों की बिल्कुल परवाह नहीं थी। उन्होंने अपना जीवन का हर पल देश के नाम कर दिया। 15 वर्ष की आयु में अंग्रेज सरकार द्वारा दंडस्वरूप बेंतों की मार खाते समय भी प्रत्येक प्रहार पर ‘भारत माता की जय’ कहकर उन्होंने राष्ट्रभक्ति की हुंकार भरी। महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आज़ाद का जन्म 23 जुलाई 1906 को हुआ। उनके पिता का नाम सीताराम तिवारी और माता का नाम जगरानी देवी था। बचपन से ही आजाद का जीवन चुनौतियों से भरा रहा। भील बालकों के साथ रहने के कारण वे निशानेबाज़ी में कुशल हो गए थे। बचपन में वे चोर-पुलिस का खेलते और जंगल में साथियों के साथ रहते। पढ़ाई-लिखाई में विशेष रुचि नहीं थी, पर स्वभाव से विद्रोही थे। इसी कारण बड़े होकर उन्होंने संपूर्ण जीवन अत्याचार के खिलाफ आवाज़ उठाई। अंग्रेज़ी शासन से घृणा के कारण उन्होंने आज़ादी पाने के लिए क्रांति का मार्ग अपनाया। चंद्रशेखर आज़ाद ने रामप्रसाद बिस्मिल के नेतृत्व में पहली बार काकोरी कांड में भाग लिया। इसके बाद 1928 में लाहौर में ब्रिटिश पुलिस अधिकारी सॉन्डर्स को गोली मारकर लाला लाजपत राय की मौत का बदला लिया। अंग्रेज़ों के खज़ाने को लूटकर क्रांतिकारी गतिविधियों के लिए धन भी जुटाया। उनके निर्भीक जीवन का एक प्रसंग प्रसिद्ध है। एक बार किसी केस में उन्हें जज के सामने पेश किया गया। नाम पूछने पर उन्होंने कहा, “मेरा नाम आज़ाद है। पिता का नाम स्वतंत्रता और घर जेल है।” उन्होंने कसम खाई थी कि कभी अंग्रेजों के हाथ जीवित नहीं आएँगे। 27 फरवरी 1931 को इलाहाबाद के अल्फ्रेड पार्क में जब वे साथियों के साथ आगे की योजना बना रहे थे, तभी अंग्रेज़ पुलिस ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने अपने मित्रों को भगा दिया और अकेले डटकर लड़े। बुरी तरह घायल होने के बाद भी, ब्रिटिश सरकार से फाँसी की सज़ा न मिले, इसलिए अपने संकल्प को पूरा करने के लिए उन्होंने अपनी ही पिस्तौल से खुद को गोली मार ली और मातृभूमि पर न्योछावर हो गए। “आजाद था, आजाद हूँ और आजाद रहूँगा” – इस कथन पर वे अंतिम साँस तक अडिग रहे। आज युवाओं को भी दृढ़-संकल्पित होने की आवश्यकता है। चंद्रशेखर आज़ाद का जीवन पढ़कर अपने भीतर जुनून पैदा करें, मजबूत बनें और जीवन की हर चुनौती को पार करें। आज किसी बुराई में लिप्त होकर समय नष्ट करने का समय नहीं है। निराशा के अंधकार से निकलकर सर्वहित में कार्य करने का समय है। कुंठित मानसिकता के गुलाम न बनें, स्वतंत्र विचारों के धनी बनें। पाश्चात्य सभ्यता जो धीरे-धीरे हमारी संस्कृति को निगल रही है, उसे बचाने में सहयोग करें।
आज चारों ओर आतंक, झूठ, बेईमानी, रिश्वतखोरी और देशद्रोह के कार्य हो रहे हैं। इनके खिलाफ आवाज़ उठाएँ। मर्यादाओं की अवहेलना हो रही है। माँ, बेटी और बहू को वहशी अपनी वासना का शिकार बना रहे हैं। उनकी लाज बचाने के लिए राम के गुण धारण करें और हर कोने से रावण का अंत करें। इंटरनेट का भ्रामक जाल फैला है, जिसमें पूरी दुनिया उलझी है। विदेशी कंपनियाँ देश के भोले-भाले लोगों को जानकारी के अभाव में ठग रही हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से ही अपराध, विनाशकारी हथियारों का कारोबार, किडनैपिंग की योजनाएँ और अन्य अनेक विनाशकारी कार्य हो रहे हैं, और हम तमाशा देख रहे हैं। आज युवा, बच्चे और बुजुर्ग अधिकतर पसंदीदा वीडियो गेम खेलने, फोटो शेयर करने, लाइक और कमेंट में व्यस्त हैं। देश का चिंतन तो दूर, अपने ही परिवार और समाज में एकता, सामंजस्य और सद्भाव नहीं है। आपस में लड़ाई और भेदभाव की लकीरें खिंच रही हैं। ऐसी स्थिति में हम आने वाली पीढ़ी को क्या सिखा पाएँगे? अब नहीं जागे तो निश्चित है विनाश। महान व्यक्तित्व के धनी थे चंद्रशेखर आज़ाद। अब हर घर में चर्चा हो, हर बालक-बालिका में देशभक्ति की भावना का संचार हो।







