राजेंद्र रंजन गायकवाड
(सेवा निवृत्त केंद्रीय जेल अधीक्षक)
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
ख्वाब
कहानी
अमन की जिंदगी में तीन चीज़ें बहुत प्यारी थीं जिसे वह हमेशा संभाल के रखता और सोचता इन्हें कभी टूटने नहीं देगा। पहला काँच का वह गिलास, जो उसकी माँ ने शादी के दिन उसे गिफ्ट किया और कहा इसमें सोते समय अपने सिरहाने पानी भर कर रखना और रात को जब नींद खुले तो दो घूंट पानी पी लेना। रात को ही नहीं बचा पानी सुबह उठकर अमन पीता और मां को याद करता और गिलास अपने हाथ से धोकर साफ, पारदर्शी बनाकर किचिन की खिड़की के पास संभालकर रखता। सालों तक इसी गिलास से नियमित पानी पीने से अमन कभी बीमार नहीं पड़ा।
दूसरा ख्वाब छोटी उम्र से अमन का एक सपना था कि वह अपनी माँ के लिए एक छोटा-सा घर बनाएगा, जहाँ खिड़कियों से सुबह की धूप आए और बरामदे में चमेली के फूल खिलेंगे, उसने मेहनत की, पहले सरकारी नौकरी फिर बिजनेस शुरू किया । हर दिन, हर महीने बचत का हिसाब लिखता और सदा खुश रहता।
तीसरा ख़्वाब था एक रिश्ता सुमन से बनाए और सारी ज़िंदगी निभाए । कॉलेज की वो लड़की जिसने पहली बार उसके अधूरे ख़्वाबों को सुना और कहा, “मैं सदा तुम्हारे साथ हूँ।” सालों तक वे दोस्त बनकर साथ रहे, लड़ाइयाँ हुईं, सुलह हुई, वादे हुए।
सीमा कहती – “हम टूटेंगे नहीं” अमन ने भी यकीन कर लिया था कि हमारा रिश्ता कभी नहीं टूटेगा और एक दिन पक्की डोर से बंधेगा।
अचानक एक शाम सब कुछ एक साथ टूट गया, दफ़्तर से लौटते हुए अमन ने देखा कि घर का दरवाजा अधखुला है। अंदर अँधेरा था उसने लाइट जलाई। खिड़की खुली पड़ी थी उस पास रखा वह काँच का गिलास फर्श पर टूटा पड़ा था। छोटे-छोटे टुकड़े बिखर गये, एक टुकड़ा उसके पैर में भी चुभ गया खून कम निकला पर दर्द उससे कहीं ज्यादा था। क्योंकि उसी पल उसके टेबल पर एक लिफाफा सीमा के हाथ से लिखा हुआ रखा, कि “मुझे माफ़ करना मैं आपसे शादी नहीं कर सकती हमारे विचार अलग अलग हो गए हैं”
अमन ने लिफ़ाफ़ा पढ़ा, फिर दोबारा पढ़ा। फिर दीवार की तरफ़ देखा, जहाँ उसकी स्वर्गीय की माँ की तस्वीर टंगी थी,घर बनाने का नक्शा अभी भी ड्राइंग टेबल पर पड़ा था अधूरा,,
रात भर वह फर्श पर बैठा रोता रहा और काँच के टुकड़े उसके हाथों से ज्यादा आंखों में चुभते रहे। हाथ में खून लगा पर वह साफ़ नहीं किया जैसे दर्द को छूकर महसूस करना चाहता हो।
सुबह जब पहली रोशनी आई, उसने धीरे-धीरे टुकड़े समेटे एक-एक करके कुछ टुकड़े इतने छोटे थे कि उंगलियों में चुभ गए अचानक वह हँसकर जब तक ठीक थे,,तो प्यारे थे,,और फुसफुसाया “टूटें तो बड़े चुभते हैं…“क्या काँच… क्या ख़्वाब… क्या रिश्ता !
उसने टूटे गिलास के टुकड़ों को एक डिब्बे में रखा। नक्शे को फाड़कर फेंका नहीं मोड़कर अलमारी में रख दिया। साथ ही सीमा का पत्र भी अपनी डायरी में रख लिया।
साल बीत गए। अमन ने नया घर नहीं बनाया। नया रिश्ता भी नहीं जोड़ा। कभी-कभी रात को वह डिब्बा खोलता और कांच के गिलास के टुकड़ों को देखता। अब वे चुभते नहीं थे, बस याद दिलाते थे कि कुछ चीजें एक बार टूट जाएँ तो फिर से जुड़ती नहींं और जो जुड़ भी जाएँ, उनमें दरारें बाकी रह जाती हैं।
एक दिन उसकी छोटी भतीजी घर आई, पाँच साल की रही होगी उसने डिब्बा देखा और पूछा, “चाचा, ये क्या है?” अमन मुस्कुराया। पहली बार सालों बाद सच्ची मुस्कान।
“ये वो चीज़ें हैं जो टूट गईं और टूटने के बाद बहुत चुभीं।” लड़की ने गंभीर चेहरा बनाया। “फिर क्यों रखे हो?”
अमन ने उसके बाल सहलाए।
“ताकि याद रहे… अगली बार कुछ नाज़ुक मिले, तो संभलकर रखना।”
खिड़की से धूप आ रही थी, बरामदे में कोई चमेली नहीं थी पर उस पल अमन को लगा कि शायद दर्द भी एक दिन चुभना बंद कर देता है। बस याद रह जाती है और याद भी, काँच की तरह, कभी-कभी चुभती और कभी कभी कभी चमकती हैं,, ख़्वाब बनकर







