संवाददाता कन्नौज (उ.प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
कांवड़ यात्रा को लेकर एडीजी और डीआईजी ने मेंहदी घाट पर परखी सुरक्षा व्यवस्था।
कन्नौजः श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ और पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र यमुना प्रसाद ने मेंहदी घाट पहुंचकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाट पर पैदल गश्त कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। एडीजी और डीआईजी ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, मेडिकल सुविधाओं, यातायात व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग और साफ-सफाई समेत अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और सुरक्षा व्यवस्था में किसी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
अधिकारियों ने घाट क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर भी जरूरी दिशा-निर्देश दिए। साथ ही आमजन और श्रद्धालुओं से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। संदिग्ध गतिविधि या किसी आपात स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को देने को कहा गया।







