संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
नगर की समस्याओं को लेकर भाकियू भानु ने सौंपा 17 सूत्रीय ज्ञापन।
छिबरामऊः नगर की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भानु) के राष्ट्रीय संघठन मंत्री अमन यादव की अध्यक्षता में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को 17 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। संगठन ने कहा कि नगर के व्यापारी, विद्यार्थी, महिलाएं, किसान और आम नागरिक लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं से जूझ रहे हैं।
ज्ञापन में नगर में स्थायी जल निकासी व्यवस्था कराने, यातायात व्यवस्था सुधारने, सार्वजनिक पेयजल की व्यवस्था कराने, बंद पड़ी नगर पालिका लाइब्रेरी को शुरू कराने, ट्यूबवेल कर्मचारियों की जांच कराने और असफल विकास कार्यों की समीक्षा कराने की मांग की गई। इसके साथ ही सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण, दुर्घटनाग्रस्त डिवाइडरों में सुधार, रामनगर तालाब का सौंदर्यीकरण और नालियों की समुचित सफाई कराने की मांग उठाई गई।
भाकियू ने प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने, मुख्य मार्गों पर अवैध बस स्टॉप संचालन पर रोक लगाने, नालों की सफाई कराने, काशीराम कॉलोनी में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने और ताजपुर रोड के निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की। इसके अलावा तालाबों से अवैध कब्जे हटाने तथा शास्त्रीनगर, जेरकिला, तिवारियान समेत विभिन्न मोहल्लों में प्रभावी कूड़ा प्रबंधन कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
संगठन ने नगर पालिका प्रशासन से सभी जनहित के मुद्दों पर शीघ्र, पारदर्शी और प्रभावी कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो भाकियू भानु जनहित में लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इस दौरान संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।







