सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
फिजिशियन की तैनाती से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती।
28 दिन के आन्दोलन के बाद मिली सफलता को संघर्ष समिति ने बताया जनता की जीत।
अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों व आधुनिक उपकरणों की तैनाती की उठाई मांग।
संघर्ष समिति ने मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री व केदारनाथ विधायक का जताया आभार।
ऊखीमठः सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में फिजिशियन डॉ. किरण रावत ने विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उनके कार्यभार संभालने पर संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनन्दन किया। फिजिशियन की तैनाती होने से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद जगी है। इस उपलब्धि पर संघर्ष समिति ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट का आभार व्यक्त किया है।
संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का दर्जा दिलाने तथा फिजिशियन की तैनाती की मांग को लेकर क्षेत्रीय जनता ने लगातार 28 दिनों तक आन्दोलन किया। जनता के सामूहिक संघर्ष और एकजुटता के परिणामस्वरूप अस्पताल को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का दर्जा मिलने के साथ ही फिजिशियन की तैनाती सम्भव हो पाई है। उन्होंने इसे किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि समूचे क्षेत्र की जनता के संघर्ष और संकल्प की जीत बताय ।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की विषम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण ग्रामीणों को छोटी-बड़ी बीमारियों के उपचार के लिए श्रीनगर, रुद्रप्रयाग और देहरादून की दौड़ लगानी पड़ती थी। विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और दूरस्थ गांवों के मरीजों को उपचार के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब फिजिशियन की तैनाती होने से अस्पताल में आने वाले मरीजों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
संघर्ष समिति पदाधिकारियों ने कहा कि अस्पताल को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का दर्जा मिलना और फिजिशियन की तैनाती होना स्वास्थ्य सुविधाओं की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है, लेकिन अभी क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह सुदृढ़ करने के लिए कई कदम उठाए जाने आवश्यक हैं। उन्होंने शासन-प्रशासन से अस्पताल में शीघ्र अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती करने के साथ ही आधुनिक चिकित्सा उपकरण एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की।
संघर्ष समिति पदाधिकारियों ने कहा कि केवल अस्पताल का दर्जा बढ़ाने और एक विशेषज्ञ चिकित्सक की तैनाती से ग्रामीणों की सभी स्वास्थ्य समस्याओं का समाधान सम्भव नहीं है। अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सकीय स्टाफ, विशेषज्ञ डॉक्टर, जांच सुविधाएं और जरूरी उपकरण उपलब्ध होने चाहिए, ताकि मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार मिल सके और उन्हें उपचार के लिए दूसरे शहरों का रुख न करना पड़े।
संघर्ष समिति ने स्पष्ट किया कि अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती होने तक उनकी मांग जारी रहेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार क्षेत्र की जनता की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए अस्पताल को सभी आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित करेगी। साथ ही फिजिशियन की तैनाती को आन्दोलन की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए क्षेत्रीय जनता में खुशी जताई। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कुब्जा धर्म्वाण, संघर्ष समिति/ व्यापार संघ अध्यक्ष राजीव भट्ट , सभासद प्रदीप धर्म्वाण, पूर्व सभासद बलवन्त रावत, कांग्रेस सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष कर्मवीर कुंवर, राजेन्द्र धर्म्वाण, महेन्द्र रावत मौजूद रहे।






