मीडिया प्रभारी अल्मोडा़ः दिनेश चन्द्र भट्ट
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
गोवर्धन पर्व पर गोसदन ज्योली में गोसंवर्धन यज्ञ सम्पन्न, श्रद्धालुओं ने किया गोपूजन और गौसेवा।
अल्मोड़ा: 11 नवम्बर। गोवर्धन पर्व के पावन अवसर पर गौ सेवा न्यास गुरुकुल शोले की ओर से गोसदन ज्योली में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ गोसंवर्धन यज्ञ का आयोजन किया गया। यज्ञ का आयोजन एवं संचालन गोशाला संचालक दयाकृष्ण काण्डपाल ने सम्पन्न कराया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गौसेवा और गोसंरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ विधि-विधान के साथ यज्ञ एवं पूजा-अर्चना से हुआ। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुति देकर विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि तथा क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। गोवर्धन पर्व के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए गौवंश के संरक्षण, संवर्धन और सेवा को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताया गया।
इस अवसर पर गोसदन में संरक्षित गायों का विधिवत पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने गायों को फूलमालाएं पहनाईं तथा गौग्रास खिलाकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। लोगों ने गौवंश की सेवा को भारतीय संस्कृति, परम्परा और मानवीय संवेदना से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य बताया।
गोशाला संचालक दयाकृष्ण काण्डपाल ने कहा कि निराश्रित एवं बेसहारा गोवंश की सेवा, संरक्षण और उनके भरण-पोषण के उद्देश्य से गौ सेवा न्यास लगातार प्रयासरत है। गोवंश की रक्षा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज की नैतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने सामर्थ्य के अनुसार गौसेवा के कार्यों में सहयोग करें तथा निराश्रित गोवंश के संरक्षण के लिए आगे आएं।
उन्होंने कहा कि गोवर्धन पर्व हमें प्रकृति, पशुधन और पर्यावरण के प्रति सम्मान एवं संरक्षण का संदेश देता है। ऐसे आयोजनों से समाज में गौसेवा के प्रति जागरूकता बढ़ती है और नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं परम्पराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम में चन्द्रमणि भट्ट, मनोज सनवाल, यशवन्त परिहार, रमेश तिवारी, पूरन चन्द्र तिवारी, मोहन सिंह रावत, हेम जोशी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। अंत में सभी ने गौसेवा के इस पुनीत कार्य को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।







