सुश्री सरोज कंसारी लेखिका एवं कवयित्री नवापारा-राजिम रायपुर, (छ. ग.)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड (w) 6395080071
लेख:
जख्मों के भरते तक शांत रहिए
– सुश्री सरोज कंसारी
—————————————-
जख्म अगर ताजा हो तो दुखता बहुत है। किसी के दर्द को हम सहला सकते हैं, महसूस कर सकते हैं, पर सहना तो उसे ही पड़ता है। दुख के आँसू केवल आँखों को नहीं, अंतर्मन को भी भिगो देते हैं। हृदय को कठोर करके जीना पड़ता है इस जग में, कभी-कभी हालात ऐसे निर्मित हो जाते हैं। जख्म के भरते तक शांत रहना होगा। जब हम किसी भी तरह की शारीरिक या मानसिक तकलीफ से गुजर रहे होते हैं, तब हर पल उसकी चुभन होती है। जख्म को सिर्फ देखते और सोचते रहेंगे तो वह और बढ़ जाएगा। जख्म गहरा हो तो भरने में समय तो लगता ही है। दर्द कम होने तक हमें बहुत सावधानी रखनी होती है, क्योंकि ऐसे में किसी भी तरह की लापरवाही का परिणाम भयानक हो सकता है। किसी भी चोट को समय पर उपचार, देखभाल और मरहम की जरूरत होती है। मनुष्य का मन भी बेहद कोमल होता है। सांसारिक जीवन की जरा सी कड़वाहट भी हृदय को व्याकुल कर देती है। प्यार, करुणा, दया, क्षमा और नम्रता के अभाव में मनुष्य का जीवन अधूरा होता है। भावनात्मक रूप से अगर समय पर व्यथित मन को सहारा न मिले तो वह टूट भी सकता है, भटक भी सकता है।
पड़े रहने से अच्छा है, हिम्मत कीजिए, उठने की, बिना सहारे के। कभी जीत के करीब जाकर हार जाते हैं, बहुत कुछ सहते हैं बिना कसूर के, हालात के आगे टूट जाते हैं। हर एक लम्हा बेहद कठिन होता है, शोक-संताप से भरे होते हैं, अंदर से घुटन महसूस करते हैं, दिल की बात जुबान पर नहीं आ पाती। छल से भरे लोगों के बीच से जब गुजरते हैं, तब महसूस होता है कि धोखा, षड्यंत्र और चालाकी से लोग कैसे आपके नाजुक मन को तोड़ते हैं। जख्म गहरा हो तो मन में कई ख्याल आते हैं, दिल में लगी चोट दिमाग को अशांत कर देती है, क्रोध से भर जाता है मन, बदले का भाव प्रबल होता है। ऐसे समय में चिल्लाने, बहस-विवाद करने से आपकी आंतरिक क्षमता दुर्बल होती है। शांत होकर समाधान ढूँढना सबसे अच्छा उपाय है। जो विपरीत परिस्थिति में भटकने के बजाय खुद को संभाल लेते हैं, वही असली विजेता बनते हैं। दर्द से निकलने के लिए खुद को अवसर दीजिए, बेचैन मत रहिए। टूटकर जल्दबाजी में गलत फैसले मत कीजिए, बदलिए अपनी जीवन-शैली दृढ़ संकल्प से। आपके जीवन की हर घटना-दुर्घटना आपको सचेत करती है, सबक देती है गलती को न दोहराने की। आत्मबल बढ़ाइए, संकल्प कीजिए, उठिए और निकल पड़िए अपनी मंजिल की तलाश में।
जख्म के भरते तक शांत रहना जरूरी है क्योंकि किसी भी जख्म को ठीक होने में वक्त लगता ही है। अगर हम धैर्य न रखें और उसे कुरेदते रहें तो दर्द तो होगा ही। कहने का अर्थ यही है कि जब किसी बात से परेशान हैं तो बिना सोचे कोई भी कदम मत उठाइए। अपने विचलित मन के सहज होने तक चुप रहिए और गहन चिंतन के पश्चात सलाह लेकर सही निर्णय कीजिए। इस संसार को समझना कभी-कभी कठिन हो जाता है। कई तरह के लोग हैं यहाँ, हर इंसान को समझ पाना संभव नहीं। कभी लगता है जो साथ हैं, वो अपने हैं, पर जब ठोकर अपनों से मिलती है तो लगता है सब भ्रम है। सब एक समय तक रहते हैं, जिंदगी जीते हैं और एक दिन चले जाते हैं। है तो चारों तरफ गम का अँधेरा, मन में अपनी खुशियों के दीप खुद जला लीजिए। हर पग पर संघर्ष है, जिंदगी जीना है हर हाल में तो दर्द में भी मुस्कुराइए। मानवीय संवेदनाएँ जीवित रखिए, निष्ठुर मत बनिए। अपने जख्म पर मरहम खुद लगाइए, दूसरों के भरोसे रहोगे तो वे कुरेदेंगे ही, कभी ताना देकर, कभी एहसान दिखाकर, कभी तमाशा बनाकर। बिगड़ी बातों को बनने तक हमें संयम की जरूरत पड़ती है। गुस्सा मनुष्य की सबसे बड़ी कमजोरी है, प्रेम और साहस आपकी वास्तविक ताकत हैं।
”इंसान को हर पल अनुभूति और अनुभव होता रहता है। वह हर दिन अपने अनुभव के अनुसार खुद को ढालता है, और तब उसे महसूस होता है कि गलती तो वह कर चुका, अनुभव उसे बाद में होता है। और यही अनुभव उसे आगे चलकर संभालना सिखाता है।”






