सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
बाल दिवस पर जी आई सी दैड़ा में प्रतिभाओं का सम्मान, रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां।
पत्रकार विनोद नौटियाल सहित शिक्षा, पर्यावरण, बागवानी एवं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को किया सम्मानित, जिला योजना के कार्यों का लोकार्पण।
ऊखीमठ: राजकीय इंटर कॉलेज दैड़ा में बाल दिवस रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह के साथ धूमधाम से मनाया गया। समारोह में विद्यालय के नौनिहालों ने लोकगीतों, लोकनृत्यों एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उत्तराखंड की लोक संस्कृति की शानदार छटा बिखेरकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर पत्रकारिता, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, बागवानी एवं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाजसेवियों और मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पत्रकार विनोद नौटियाल को भी सम्मानित किया गया।
समारोह में केदारनाथ विधायक श्रीमती आशा नौटियाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि राज्यमंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट विशिष्ट अतिथि तथा जिला पंचायत सदस्य परकण्डी श्रीमती प्रीति पुष्वाण अति विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता पीटीए अध्यक्ष यशवंत सिंह नेगी ने की। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान विद्यालय परिवार व कार्यक्रम संयोजको की ओर से अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चे देश और समाज का भविष्य हैं। उनकी प्रतिभा को पहचानना, उन्हें उचित अवसर उपलब्ध कराना तथा शिक्षा के साथ संस्कारों से जोड़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है।
विशिष्ट अतिथि राज्यमंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किताबी ज्ञान के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों, खेलकूद और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी शिक्षा भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में विद्यालयों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
जिला पंचायत सदस्य परकण्डी प्रीति पुष्वाण ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और बागवानी के क्षेत्र में अनेक लोग निस्वार्थ भाव से कार्य कर रहे हैं। ऐसे व्यक्तित्वों को सम्मानित करने से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और नई पीढ़ी को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। इस मौके पर ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी, कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी व उद्योगपति खुशहाल नेगी ने भी अपने विचार रखे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पीटीए अध्यक्ष यशवंत सिंह नेगी ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्रदान करने का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण और सामाजिक मूल्यों के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।


प्रतिभा सम्मान समारोह में पत्रकार विनोद नौटियाल, जागर गायिका रामेश्वरी भट्ट नर्वदा भट्ट, पूर्व प्रधानाचार्य मोहन सिंह बजवाल, पूर्व सहायक सूचना अधिकारी गजपाल भट्ट सहित शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं बागवानी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चार दर्जन से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मान प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। विद्यालय के नौनिहालों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में जिला योजना के अंतर्गत निर्मित विभिन्न विकास कार्यों का अतिथियों द्वारा लोकार्पण भी किया गया। जनप्रतिनिधियों ने विद्यालय में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के बेहतर शैक्षणिक भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम का संयुक्त संचालन कार्यक्रम संरक्षक नन्दन सिंह रावत एवं सांस्कृतिक सचिव मुकेश नेगी ने किया। इस मौके पर कार्यक्रम सह संयोजक योगेन्द्र नेगी, उपाध्यक्ष अनीता देवी, कोषाध्यक्ष बलवीर राणा, सरोज देवी, प्रधान प्रेम सिंह नेगी, विनोद नेगी, शिशुपाल रावत, गुलाब सिंह राणा, सुलेखा देवी, सभासद बलवीर पंवार, मुख्य शिक्षा अधिकारी अजय चौधरी, प्रधानाचार्य विनोद असवाल, पूर्व प्रधान कुन्ती नेगी, कुंवर सिंह बजवाल, प्रकाश रावत, जगदीश लाल, नन्दा देवी मेला समिति अध्यक्ष जगदीश नेगी, भाजपा मण्डल अध्यक्ष दलवीर नेगी, हेमलता नौटियाल, कुंवर सिंह नेगी, थानाध्यक्ष मनोज नेगी सहित विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि व नौनिहाल मौजूद रहे।






