देहरादून। आज हाेने जा रहे माक ड्रिल को लेकर अफवाह या भ्रम फैलाए जाने की आशंका को देखते हुए जिला आपदा प्राधिकरण की ओर से आमजन से अपील की गई है।
प्राधिकरण के अध्यक्ष जिलाधिकारी सविन बंसल ने सर्व साधारण को संदेश दिया है कि दून के नागरिकों से अनुरोध है कि नागरिक सुरक्षा के दृष्टिगत यह केवल अभ्यास मात्र है, इस दौरान सभी अपने घरों में बने रहें और अनावश्यक गतिविधि न करें।
अफवाह पर ध्यान न दें
जनपद के सात स्थानों पर अभ्यास
आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बताया कि गृह मंत्रालय व शासन से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में नागरिक सुरक्षा तैयारियों के संबंध में जनपद के सात स्थानों पर अभ्यास किया जाएगा। इस दौरान सायरन बजाकर हवाई हमले से बचने के लिए कदम उठाने का अभ्यास होगा, ताकि आम जनमानस सुरक्षित रहें व मानसिक रूप से अलर्ट रहें। इस दौरान कुछ स्थानों पर बिजली की आपूर्ति भी बंद की जा सकती है।
साथ ही ट्रैफिक डायवर्ट करने की भी योजना है। इस दौरान किसी को भी घबराने की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन की ओर से सभी रेखीय विभागों के साथ मिलकर आपात स्थिति को लेकर तैयारियों का जायजा लिया जा रहा है। ऐसे में आमजन से भी हालात के अनुसार प्रतिक्रिया देने की अपेक्षा है।







