ब्यूरो ऊखीमठः लक्ष्मण सिंह नेगी।
ऊखीमठः आगामी 24 जुलाई को सम्पन्न होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तिथि निकट आते ही सभी प्रत्याशियों ने अपना चुनाव प्रचार तेज कर दिया था। मुख्य बाजारों से लेकर गांव की गलियों तक चुनाव चरम पर पहुंच गया है। सभी प्रत्याशियो ने मतदाताओं को लुभावने वादे देकर अपनी पक्ष में करनी की जी तोड़ मेहनत शुरू कर दी है। बाजारों से लेकर गांव की चौपालों तक चुनाव के चर्चे जोरों पर है तथा चुनाव प्रचार के अन्तिम दौर में एक – दूसरे पर आरोप- प्रत्यारोप भी शुरू हो गये है। विकासखंड ऊखीमठ के अन्तर्गत वार्ड सदस्यों से लेकर जिला पंचायत सदस्य के लिए 231 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैैं तथा जिला पंचायत के त्रियुगीनारायण वार्ड पर सबसे अधिक 10 प्रत्याशी चुनाव समर में है जबकि ग्राम पंचायत के 446 वार्डो मे से चार वार्डो पर भी मतदान होने है तथा ग्राम पंचायत के चार वार्डो पर आठ प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे है । पूरे विकासखंड ऊखीमठ की बात करें तो 66 ग्राम पंचायत के 446 ग्राम पंचायत के वार्ड सदस्यों से शेरसी के तीन वार्ड सदस्यों तथा त्रियुगीनारायण एक वार्ड सदस्य के लिए कुल आठ प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। 66 ग्राम पंचायत में से 12 ग्राम पंचायतो के प्रधान पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके है तथा 54 ग्राम पंचायत प्रधानो के लिए 136 प्रत्याशी चुनाव समर मेें हैं। क्षेत्र पंचायत के 35 वार्डो में से 9 क्षेत्र पंचायत सदस्य पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके है जबकि क्षेत्र पंचायत के 26 वार्डो के लिए 66 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैैं। जिला पंचायत के परकण्डी वार्ड से तीन, कालीमठ वार्ड से तीन, त्रियुगीनारायण वार्ड से 10 तथा ल्वारा वार्ड से पांच प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं तथा जिला पंचायत के त्रियुगीनारायण वार्ड मेें सबसे अधिक प्रत्याशी होने के कारण इस वार्ड पर मुकाबला रोचक बनता जा रहा है। जिला पंचायत के परकण्डी वार्ड की बात करे तो भाजपा अधिकृत प्रत्याशी सोनिया नेगी व निर्दलीय प्रत्याशी प्रीति पुष्वाण में सीधा मुकाबला देखा जा रहा है जबकि कांग्रेस अधिकृत प्रत्याशी शशि सेमवाल किसी भी प्रत्याशी के चुनावी आकड़ों में उलटफेर कर सकती है। जिला पंचायत के कालीमठ वार्ड पर तीन के बीच त्रिकोणीय मुकाबला बना हुआ है। इस वार्ड पर सरिता राणा, सोमेश्वरी भट्ट व संगीता नेगी चुनाव मैदान में है तथा मुख्य मुकाबला भाजपा अधिकृत प्रत्याशी सोमेश्वरी भट्ट व निर्दलीय प्रत्याशी सरिता राणा के बीच बना हुआ है जबकि निर्दलीय प्रत्याशी संगीता नेगी को पूर्व जिला पंचायत सदस्य तथा मातृ शक्ति पर अच्छी पकड़ होने का फायदा मिल सकता है जिला पंचायत के ल्वारा वार्ड पर भाजपा अधिकृत प्रत्याशी सुमन तिवारी व निर्दलीय प्रत्याशी सुबोध बगवाडी के बीच कड़ी टक्कर बनी हुई है जबकि निर्दलीय प्रत्याशी हुक्म सिंह फर्स्वाण, निवर्तमान कनिष्ठ प्रमुख शैलेन्द्र कोटवाल किसी भी प्रत्याशी को पटकने देकर सीट को कब्जाने की जी तोड़ मेहनत कर रहे हैं। जिला पंचायत के त्रियुगीनारायण वार्ड पर सबसे घमासान बना हुआ है इस वार्ड पर अमित मैखण्डी व दिवाकर गैरोला किसी भी प्रत्याशी के गुणा भाग में खलल डाल सकते हैं।









