संवाददाता अल्मोड़ाः दिनेश भट्ट।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य की अध्यक्षता में विधानसभा सोमेश्वर की विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई सम्पन्न।
अल्मोड़ाः विधानसभा सोमेश्वर क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति की व्यापक समीक्षा हेतु कैबिनेट मंत्री तथा सोमेश्वर विधायक रेखा आर्य की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, मुख्यमंत्री घोषणाओं एवं जल जीवन मिशन के कार्यों की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किया जाए। कैबिनेट मंत्री ने एक एक कर सभी सीएम घोषणाओं की जानकारी लेते हुए कार्य पूर्ण करने के आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जो योजनाएं अधूरी हैं, उनमें मिशन मोड कार्य किए जाएं। अवशेष कार्यों को पूर्ण करने के लिए समय निश्चित किया जाए तथा कार्यों को किसी भी हाल में निश्चित समय के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी कार्य में शासन स्तर से कार्यवाही अपेक्षित है, उसकी सूचना तत्काल प्रस्तुत करें जिससे उच्च स्तर पर उसका निस्तारण कराया जा सके। जो कार्य प्रारंभ नहीं हुए हैं, उनका आगणन बनाकर आगे की कार्यवाही संपन्न की जाए। कहा कि जो कार्य पूर्ण हो गए हैं, उनके लोकार्पण के लिए तिथि निश्चित कर ली जाए जिससे लोगों को जल्द से जल्द उनका लाभ मिल सके।
वर्ष 2017 से अतिथि तक विधानसभा सोमेश्वर में कुल 127 मुख्यमंत्री घोषणाएं हुई हैं। इनमें 63 पूर्ण हो चुकी हैं तथा अवशेष घोषणाएं गतिमान हैं। कैबिनेट मंत्री ने गतिमान घोषणाओं में तेजी से कार्य करने हेतु दिशा निर्देश जारी किए।
उन्होंने विशेष रूप से जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति से संबंधित कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए सभी गांवों तक स्वच्छ एवं नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री ने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित करने, फील्ड स्तर पर निरीक्षण बढ़ाने तथा योजनाओं की पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया। बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने संबंधितों के स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सिर्फ विभागीय पत्राचार करना ही अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करना नहीं है, बल्कि आपसी समन्वय से कार्यों को निस्तारित करना भी विभागीय अधिकारियों का ही दायित्व है। कहा कि किए गए पत्राचार के विषय में नियमित रूप से अपडेट लेते हुए कार्यों को गति दी जाए। जनता को सिर्फ उनकी सुविधाएं एवं कार्यों से ही मतलब होता है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय एवं समझ से जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कार्यों को पूर्ण करें।
मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुँचाना है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने तथा योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से उपलब्ध कराने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र समेत सोमेश्वर विधानसभा के जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी तथा अन्य संबंधित उपस्थित रहे ।







