बर्फ में धूप

Spread the love

 

विवेक रंजन श्रीवास्तव

 

 

               (नया अध्याय, देहरादून)

 

कहानी

 

बर्फ में धूप

 

 

 

डॉक्टर राजिंदर कुमार अपने टोरंटो स्थित अपार्टमेंट की खिड़की से बाहर देख रहे थे। कनाडा की सफेद, चुभती ठंड शीशे के पार दुनिया को जमा देना चाहती थी। सब कुछ बर्फ़ से ढका था। गाड़ियाँ, पेड़, सड़क, दिख रहे थे तो बर्फ पर कदमों के निशान। यह एकांगी, निस्तब्ध सफेद सुंदरता थी, जिसमें उनकी आत्मा की गूँज खो जाती थी। अंदर, हीटर की समान गरमाहट थी, सरकारी पेंशन की नियमितता थी, स्वास्थ्य सेवाओं का भरोसा भी था, एक आत्मनिर्भर, पूर्ण दुनिया, जो अचानक बहुत खोखली लगने लगी थी।

उनकी नजर सोफे के पास टंगे एक फोटो फ्रेम पर टिक गई। पंजाब के अपने गाँव ‘चमकपुर’ की एक पुरानी तस्वीर। गर्मी की दोपहर, नहर का पानी चमक रहा है, खेतों में हरियाली लहरा रही है, और दूर, गुरुद्वारे का निशान साहब,चमक रहा है। यह वह गाँव था जिसे उन्होंने पचास साल पहले, डेंटिस्ट्री की पढ़ाई के लिए चंडीगढ़ आने के बाद छोड़ा था। फिर संघर्ष, फिर सपना, बेहतर जीवन, बेहतर कमाई। राकेश कौर उनके साथ थीं, उनका प्यार , उनका सहारा था। कनाडा आने का फैसला साथ में किया था ,नए सिरे से शुरुआत करने का जोश। राकेश ने ही इस अपार्टमेंट को घर बनाया था, पंजाबी मसालों की खुशबू से, गुरबाणी के शब्दों से, उनकी मंजिल को गर्मजोशी से सराबोर कर दिया था।

पर पाँच साल पहले, राकेश चली गईं , एकाएक, दिल का दौरा पड़ने से। उनके साथ वह धूप भी चली गई जो कनाडा की सबसे अधिक ठंडक में भी धूप से ज़्यादा गर्म प्यार का अहसास थी। राजिंदर अकेले रह गए। इसी अकेलेपन ने, रिटायरमेंट के बाद, उन्हें फिर से जड़ों की तलाश में चमकपुर ने बुला लिया।

लेकिन गाँव बदल चुका था। नहर अब कंक्रीट की नाली थी। पुराने पेड़ कट चुके थे। चौपाल की जगह एक ‘यूथ क्लब’ ने ले ली थी, जहाँ लड़के मोबाइल पर बिजी रहते। रिश्तेदार मिले, पर उनकी बातचीत का केंद्र बिंदु अक्सर यही होता “कनाडा में तो बहुत पैसा है न?”, “हमारे बेटे के लिए वीजा स्पॉन्सर कर दो।” उस ‘अपनेपन’ की तलाश, जो राजिंदर की यादों में कैद था, वह हवा हो चुकी थी।

एक दिन, स्थानीय ‘शब्द साधना साहित्य परिषद’ के सचिव, श्री ओमप्रकाश शर्मा, उनसे मिले। बड़े आदर से, फूलमाला पहनाकर।

ओमप्रकाश ने कहा “डॉक्टर साहब! आप तो विदेश से आए हुए साहित्य के महान पारखी हैं! हम आपके नाम पर एक ‘राजिंदर कुमार साहित्य रत्न सम्मान’ शुरू करना चाहते हैं। देश की सेवा का यह पुनीत अवसर है।”

राजिंदर ने खुश होकर कहा , “जरूर, यह तो बहुत अच्छी बात है। मैं कैसे मदद कर सकता हूँ?”

ओमप्रकाश अपनी योजना सफल समझ मुस्कुराते हुए बोले “बस एक छोटी सी संस्थागत फीस है… तीन लाख रुपये। हमारे पास आपका चेक स्वीकार करने की सुविधा भी है।”

राजिंदर का दिल बिना कहे एक पल में काफी कुछ समझ गया। यह पहला झटका नहीं था। कई ‘संस्थाओं’ के फोन आ चुके थे। उनके ‘विदेशी’ होने ने, उनकी साहित्यिक रुचि को एक ‘लेन-देन’ में बदल दिया था। उन्होंने विनम्रता से मना कर दिया। लेकिन फोन आते रहे। कभी सुबह, कभी रात। एक तरफ पंजाब की वह याद, दूसरी तरफ इस तरह की मांगों से उपजी विरक्ति।

और फिर वह दिन आया। भारत में सुबह के दस बजे थे, धूप फैलने का वक्त पर टोरंटो में अँधेरी, बर्फ़ीली रात के दो बजे थे। फोन की कर्कश घंटी ने नींद तोड़ दी।

अनजान आवाज, “नमस्ते डॉक्टर साहब, मैं ‘काव्य भारती’ से बोल रहा हूँ। आपको ‘वैश्विक पंजाबी रत्न’ से सम्मानित किया जाएगा। बस कुछ प्रबंध खर्च…”

राजिंदर ने फोन काट दिया। उनकी नींद उचट गई थी। वह खिड़की के पास गए। बाहर,एक निर्मम, खामोश बर्फ़बारी जारी थी। उन्हें लगा जैसे वह खुद दो टुकड़ों में बँट गए हैं। एक टुकड़ा यहाँ, इस बर्फीली नियमितता में फँसा हुआ तो दूसरा टुकड़ा, उस चमकपुर में भटक रहा है जो अब है पर बचा ही नहीं। वह न तो यहाँ के थे, न वहाँ के। एक ‘विभक्ति’ उनके भीतर घर कर गई।

कई रातों की मानसिक जद्दोजहद के बाद, एक सुबह, जब पहली किरण बर्फ पर पड़ी और सब कुछ हीरे की तरह जगमगा उठा, तो एक शांति उन पर छा गई। उन्होंने खिड़की से बाहर देखा। यह दृश्य उनका था। यह ठंड उन्होंने झेली थी। यहाँ उन्होंने दाँत दर्द से तड़पते मरीजों को राहत दी थी। यहीं राकेश उनके साथ थीं। “प्रारब्ध” उन्होंने धीरे से कहा, “यही हमारी कर्मभूमि बना दी गई। यहाँ हमारा दाना-पानी रहा। अब यही घर है।”

उसी दिन उन्होंने अपनी वसीयत लिखी। कोई भव्यता नहीं,सादगी से,इलेक्ट्रिक भट्टी में शवदाह और फिर… उनकी चुटकी भर राख नियाग्रा प्रपात के उफनते, गरजते जल में प्रवाहित कर दी जाए। वह शक्तिशाली, अनंत प्रवाह, जो सब कुछ अपने में समा लेता है । उनकी जीवन यात्रा, उनकी यादें, उनका पंजाब और उनका कनाडा, सब कुछ एक हो जाए।

और एक अंतिम निर्देश, टोरंटो के ही एक गुरुद्वारे में, ‘डॉ. राजिंदर कुमार एंड राकेश कौर साहित्य संवाद’ नाम से एक वार्षिक कोष स्थापित किया जाए। बिना किसी शोर-शराबे के, बिना किसी फीस के, सिर्फ़ शब्दों के लिए, विश्व हिंदी साहित्य के लिए।

डॉक्टर राजिंदर कुमार ने एक बार फिर खिड़की से बाहर देखा। बर्फ अब भी गिर रही थी। पर अब वह उसकी खामोशी में एक संगीत सुन पा रहे थे। यह उनकी ख़ामोशी थी। यह उनका घर था और इस बार, देर रात फोन बजने से उनकी नींद उचटने वाली नहीं थी, वे वसीयत कर चुके थे।   (विनायक फीचर्स)

  • Related Posts

    पेंशन अधिकार एवं न्यायिक हस्तक्षेप : एक विधिक विश्लेषण

    Spread the love

    Spread the love  एडवोकेट अनुराधा शर्मा कक्ष संख्या–214 जिला एवं सत्र न्यायालय, हिसार हरियाणा                        (नया अध्याय, देहरादून)   पेंशन…

    US–India Tariff Deal: Partnership or Pressure?

    Spread the love

    Spread the love  Anuradha Sharma (Advocate) district and sessions court Hisar   (NAYA  ADHAYAY, DEHRADUN)        US–India Tariff Deal: Partnership or Pressure?   The proposed US–India tariff deal…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You Missed

    पेंशन अधिकार एवं न्यायिक हस्तक्षेप : एक विधिक विश्लेषण

    • By User
    • February 3, 2026
    • 7 views
    पेंशन अधिकार एवं न्यायिक हस्तक्षेप : एक विधिक विश्लेषण

    US–India Tariff Deal: Partnership or Pressure?

    • By User
    • February 3, 2026
    • 10 views
    US–India Tariff Deal: Partnership or Pressure?

    पाक और चीन की यारी…!

    • By User
    • February 3, 2026
    • 4 views
    पाक और चीन की यारी…!

    विकास की अनंत संभावनाओं के द्वार खोलेगा केन्द्रीय बजट

    • By User
    • February 3, 2026
    • 6 views
    विकास की अनंत संभावनाओं के द्वार खोलेगा केन्द्रीय बजट

    नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी: जिम्मेदार नेता या विवादों के केंद्र?

    • By User
    • February 3, 2026
    • 11 views
    नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी: जिम्मेदार नेता या विवादों के केंद्र?

    ‘करुणा का सुख ‘दोहरा’ है—सामने वाले का दर्द कम होता है और हमारी अपनी शांति गहरी’

    • By User
    • February 3, 2026
    • 14 views
    ‘करुणा का सुख ‘दोहरा’ है—सामने वाले का दर्द कम होता है और हमारी अपनी शांति गहरी’