संवाददाता कैमूर (बिहार): संतोष कुमार चतुर्वेदी
(नया अध्याय, देहरादून)
अधिवक्ता स्वर्गीय अजय सिन्हा के श्राद्ध कर्म में मंटू पांडेय सहित कई लोगों ने दी श्रद्धांजलि।
कैमूरः सिविल कोर्ट भभुआ के वरिष्ठ अधिवक्ता स्वर्गीय अजय कुमार सिन्हा के श्राद्ध कर्म के अवसर पर आज नगर के वार्ड नंबर 11 स्थित चकबंदी रोड स्थित उनके आवास पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न अधिवक्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने उनके तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। बता दें कि श्रद्धांजलि देने वालों में प्रमुख रूप से अधिवक्ता मंटू पांडेय, लल्लन पांडेय, अनिल कुमार, गिरीश कुमार श्रीवास्तव, कौशल उपाध्याय और परवीन खातून शामिल रहे। वही इस दुखद घड़ी को याद करते हुए मंटू पांडेय ने बताया कि जिला अधिवक्ता संघ भभुआ के सम्मानित सदस्य, 66 वर्षीय अजय कुमार सिन्हा का निधन बीते 16 जनवरी 2026 को हुआ था। वह सिविल कोर्ट की नई बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर स्थित एसीजेएम पंचम (डॉ. शैल) के न्यायालय में कार्य के दौरान अचानक बेहोश होकर गिर पड़े थे। उन्हें तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। वही आज उनके श्राद्ध कर्म के मौके पर उपस्थित सहयोगियों ने स्वर्गीय सिन्हा के व्यक्तित्व और वकालत के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया। अधिवक्ताओं ने कहा कि अजय सिन्हा का असमय जाना जिला अधिवक्ता संघ के लिए एक अपूरणीय क्षति है। वह अपने मिलनसार स्वभाव और विधिक ज्ञान के लिए सदैव याद किए जाएंगे।







