ब्यूरो ऊखीमठः लक्ष्मण सिंह नेगी।
ऊखीमठः केदार घाटी के खेत – खलिहानों में मार्च माह के दूसरे सप्ताह में खिलने वाले फ्यूंली के फूलों के जनवरी माह के तीसरे सप्ताह में खिलने से पर्यावरणविद खासे चिन्तित है। फ्यूंली के फूलो के जनवरी माह मे खिलने पर कोई जलवायु परिवर्तन मान रहे है तो कोई प्रकृति के साथ मानवीय हस्तक्षेप। भले ही निर्धारित समय से दो माह पूर्व फ्यूंली के फूल खिलने का कारण कुछ भी हो मगर दिसम्बर से लेकर फरवरी माह तक बर्फबारी से लदक रहने वाले खेत-खलिहानों में जनवरी माह मे फ्यूंली के फूल खिलना भविष्य के लिए शुभ संकेत नही है। दो दशक पूर्व की बात करे तो चैत्र मास के आगमन पर फ्यूंली व बुरांस के फूल खिलते दिखाई देते थे। फ्यूंली का फूल बसन्त आगमन व ॠतु परिवर्तन का ध्योतक माना जाता था तथा चैत्र मास आगमन पर नौनिहाल घरों की चौखटो में ब्रह्म बेला पर फ्यूंली, बुरांस सहित अनेक प्रजाति के पुष्पो को बिखेर कर बसन्त आगमन के सन्देश देने की परम्परा युग – युगान्तरों से लेकर आज भी जीवित है। फ्यूंली के फूल की महिमा व सुन्दरता की महिमा का गुणगान गढ़ गौरव नरेन्द्र सिंह नेगी ने भी बडे मार्मिक तरीके से किया है जबकि संगीतकारों, साहित्यकारो व चित्रकारो ने भी फ्यूंली के फूल की महिमा को जन-जन तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया है। फ्यूंली के फूल के निर्धारित समय से पूर्व खिलने से पर्यावरणविद खासे चिन्तित हैं, उनका कहना है प्रकृति के साथ निरन्तर मानवीय हस्तक्षेप होने तथा जलवायु परिवर्तन के कारण फ्यूंली निर्धारित समय से पूर्व खिल रही है जो कि भविष्य के लिए शुभ संकेत नही है। मदमहेश्वर घाटी रासी गाँव के शिक्षाविद भगवती प्रसाद भट्ट बताते है कि दो दशक पूर्व फरवरी माह तक अधिकांश खेत-खलिहान बर्फबारी से लदक रहते थे तथा मार्च महीने में ही प्रकृति के साथ ही फ्यूंली के फूलो में नव ऊर्जा का संचार देखने को मिलता था तथा मार्च महीने के दूसरे सप्ताह में फ्यूंली का फूल पूर्ण यौवन पर रहता था। गुरिल्ला संगठन की जिलाध्यक्ष बसन्ती रावत ने बताया कि फ्यूंली का फूल बसन्त ॠतु आगमन का ध्योतक माना गया है तथा जनवरी मेें फ्यूंली के खिलना भविष्य के लिए शुभ संकेत नही है। निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य परकण्डी रीना बिष्ट ने बताया कि कुछ समय पूर्व जब धियाणिया चैत्र महीने मे मायके जाती थी तथा मायके से ससुराल विदा होते समय खेत-खलिहानों व पैदल रास्तो के दोनो किनारो खिली फ्यूंली हमेशा मायके की याद दिलाती थी। पूर्व प्रधान राय सिंह धर्म्वाण ने बताया कि जनवरी माह मे फ्यूंली का खिलना भविष्य के लिए शुभ संकेत नही है तथा प्रकृति के साथ मानवीय हस्तक्षेप बन्द नही हुआ तो भविष्य मे गम्भीर परिणाम भुगतने पड़ सकते है।








