डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या (उ0प्र0)
‘मधुरालय’
‘सुरभित आसव मधुरालय का’ 19
सत्य-असत्य मध्य जो भ्रम है,
करे लेखनी दूर उसे।
मतिभ्रम जग लख इसको कहता,
जैसे यह बौराई है।।
सूर्य-चंद्र की आभा जैसी,
मधुरालय की शोभा है।
शोभा-मंडित रुचिर लेखनी,
छवि निर्मल अपनाई है।।
निर्मल छवि को धारण कर के,
उचित सोच चित्रित करती।
शब्द-अर्थ का मेल करा के,
अद्भुत गरिमा पाई है।।
सुघर-सुखद आलेख-लेख पढ़,
कलुषित दुनिया सुधरी है।
रुचिर बोल-वाणी में बसती,
अमल-विमल सुघराई है।।
ओजस्वी भाषा-भावों से,
सुंदर कविता बनती है।
मधुरालय की संगति पाकर,
ही कविता बलखाई है।।
आसव-प्रेमी की जिह्वा पर,
शब्द-भाव जब मेल करें।
काव्य-सुंदरी नर्तन करती,
तब आकर इठलाई है।।
आसव-ज्ञान-पिपासु-निराला,
जब मधुरालय आता है।
संत-समागम जैसी सरिता,
तब उसको नहलाई है।।
अति पवित्र मन-काया लेकर,
वह चिंतन करने लगता।
भाव-सिंधु की प्रबल ऊर्मि ने,
ही कविता लिखवाई है।।
भाव-सिंधु में लेकर डुबकी,
जो कविता बन जाती है।
बनी हुई ऐसी ही कविता,
पाई गगन-ऊँचाई है।।
जब भी इस साहित्य-जगत ने,
प्यासे मन यात्रा की है।
आसव-ज्ञान पिला मधुरालय,
उसकी प्यास बुझाई है।।
एक घूँट बस दे दे साक़ी,
आसव की सुधि आई है।









