डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या (उ0प्र0)
‘मधुरालय’
‘सुरभित आसव मधुरालय का’ 20
मधुरालय के आसव जैसा,
जग में कोई पेय नहीं।
एक बार यदि स्वाद लिया तो,
रखता सतत मिताई है।।
जब भी फटा मनुज-मन-कपड़ा,
फँसकर भव के कंटक में,
गले उतरकर इसी पेय ने,
विधिवत किया सिलाई है।।
‘सत्यं-शिवम-सुंदरम’ जैसा,
इसका रहे प्रभाव सदा।
भोले शंकर के प्रसाद सम,
चखन,शुभद-सुखदाई है।।
हर ढीले बंधन की औषधि,
बन जोड़े यह दिल-दिल को।
मन मलीन,हर त्रस्त-हृदय की,
छँटती इससे काई है।।
मन की शुचिता से ही तन भी,
करता कर्म भलाई का।
आसव जा जिह्वा पर करता,
मल की स्वच्छ धुलाई है।।
मधुरालय की रीति निराली,
समरसता की सूचक है।
सबमें बसता एक देवता,
इसने बात बताई है।।
माता बनकर,कभी पिता बन,
हर-पल स्नेह लुटाता है।
भाई-भगिनी-प्रेमिल डोरी,
इसने सुदृढ़ बनाई है।।
मधुरालय सेवालय प्यारा,
प्यार-स्नेह की शाला है।
मधुर प्रेम का पाठ पढ़ाकर,
करता दूर खटाई है।।
बोझिल मन की मिटा उदासी,
मन उत्साहित करता है।
सुप्त चेतना को दे संबल,
पकड़े बाँह उठाई है।।
मधुरालय की रीति अनोखी,
है व्यवहार अनूठा भी।
मधुर-मधुर रस-पान कराकर,
मधुरिम रीति चलाई है।।
एक घूँट बस दे दे साक़ी,
आसव की सुधि आई है।।









