ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
शारदा पब्लिक स्कूल अल्मोड़ा में हुआ “साभार मीडिया डायलॉग” कार्यक्रम आयोजित।
अल्मोड़ाः साभार मीडिया फाउंडेशन द्वारा आयोजित ‘मीडिया डायलॉग’ के दूसरे अंक का आयोजन अल्मोड़ा के शारदा पब्लिक स्कूल के ऑडिटोरियम में किया गया। इस सालाना कार्यक्रम का उद्देश्य पत्रकारों, मीडिया विशेषज्ञों और शोधकर्ताओं को एक मंच पर लाकर मीडिया के बदलते स्वरूप और लोकतंत्र में उसकी भूमिका पर गहन चर्चा करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ पत्रकार और पूर्व संपादक (जनसत्ता) ओम थानवी के उद्घाटन सत्र से हुई, जिसमें उन्होंने बदलता मीडिया, बदलता लोकतंत्र विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। थानवी ने अपने चार दशकों से अधिक के पत्रकारिता के अनुभव को साझा करते हुए भारतीय पत्रकारिता की गौरवशाली विरासत और उसके विकास पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि कैसे मीडिया का स्वरूप समय के साथ बदला और वर्तमान में मीडिया को कई नई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
थानवी ने कहा कि संचार की विषयवस्तु और उसके प्रसार में काफी वृद्धि हुई है। उन्होंने विशेष रूप से रेडियो के वैश्विक प्रचार का उल्लेख किया।उनका मानना है कि भारत में भी रेडियो की लाइसेंसिंग प्रक्रिया को सरल बनाकर इसके प्रसार को बढाना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले दशकों में मीडिया की शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में वृद्धि हुई है,जो पत्रकारिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव का संकेत है। सोशल मीडिया और मुख्यधारा की पत्रकारिता के बीच के अंतर पर भी श्री थानवी ने महत्वपूर्ण विचार व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली सूचनाओं की विश्वसनीयता और नियंत्रण मुख्यधारा की पत्रकारिता की तुलना में काफी कम है।उनका कहना था कि पत्रकारिता केवल सूचना देने का माध्यम नहीं है बल्कि यह समाज में समझ और विवेक को स्थापित करने का काम भी करती है। इसके साथ ही उन्होंने वर्तमान में पत्रकारिता के सत्ता के प्रति झुकाव और बाजार के प्रभाव को लेकर भी चिंता जताई।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में डॉ भूपेंद्र सिंह द्वारा लिखी गई पुस्तक “कैद में मीडिया” पर विमर्श हुआ। डॉ भूपेंद्र सिंह ने अपनी पुस्तक के माध्यम से मीडिया की स्वतंत्रता और उस पर बढ़ते नियंत्रण पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का असल इतिहास लगभग 200से 250साल पुराना है और हाल के वर्षों में मीडिया के स्वरूप और दायित्वों में हो रहे बदलाव को वैश्विक दृष्टिकोण से समझा जाना चाहिए। उन्होंने एक बेहतर पत्रकारिता के लिए यह सुझाव दिया कि प्रत्येक नागरिक द्वारा दिए गए टैक्स का एक हिस्सा पत्रकारिता के लिए होना चाहिए,जो न तो सत्ता के नियंत्रण में हो और न कारपोरेट्स के प्रभाव में हो।
इस कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए थ्रीश कपूर ने शारदा पब्लिक स्कूल का आभार व्यक्त किया और सभी सहयोगी संस्थाओं,व्यक्तियों और उपस्थित श्रोताओं का धन्यवाद किया।
कार्यक्रम का संचालन नीरज पांगती ने किया। साभार मीडिया फाउंडेशन भविष्य में भी ऐसे सार्थक आयोजनों को आयोजित करने के लिए प्रतिबद्ध है,जो मीडिया, लोकतंत्र और संस्कृति पर विचार विमर्श को बढ़ावा दे।









