सुश्री सरोज कंसारी लेखिका एवं कवयित्री नवापारा-राजिम रायपुर, (छ. ग.)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड (w) 6395080071
लेख
“””””””””””
जीवन जागरूकता और अविरल चलने की साधना है
-सुश्री सरोज कंसारी
————————————————-
लोग आपको तब तक हरा नहीं सकते, जब तक आप हार न मान लो। ये जीवन एक सफ़र है नदी की भाँति, जहाँ हार और जीत का सामना हर पग पर करना पड़ता है। जीवन में दुःख-दर्द, सफलता-असफलता होती रहती है। मन से जो कभी टूटता नहीं, असल में जीत उसी की होती है। जीवन जंग ही तो है, फिर घबराना कैसा? हर पल को उत्कृष्ट बनाते चलिए। कभी मिठास तो, कभी कड़वाहट है ज़िंदगी, होठों पर मुस्कान बनाए रखिए। दुनिया की कोई ताक़त तुम्हें हरा नहीं सकती, बस! जीतने की चाह प्रबल रखना। ठोकरें खाकर संभलने का हुनर रखना। भागने से कुछ न होगा हासिल, संघर्ष से ही मिलेगी मंज़िल। मन अगर मज़बूत है तो हर एक पल एक नया अवसर है। जीना है जग में तो दर्द से दोस्ती कर लीजिए। किसी की कड़वाहट पूर्ण बातों से टूटना बंद कीजिए। खुद को बना लीजिए हर दृष्टि से सफल।
जिंदगी में एक नहीं अनेक रास्ते हैं, एक जगह बैठकर इंतजार मत करिए। आगे देखिए, पीछे जो छूट गया उसके अफ़सोस से निकलिए। गिरकर पड़े नहीं रहना है, उठकर फिर से हौसले बुलंद करिए। डरिए मत! लोग ताना देंगे, रुलाएँगे, छल करेंगे, धोखा देंगे, दुर्व्यवहार करेंगे, जब तक आप किसी की बातों को दिल में लेकर रोते रहेंगे, खुद को कमज़ोर समझते रहेंगे। जिस दिन अपनी पूरी ताक़त से उठकर मुक़ाबला करेंगे, हालात से लड़कर बड़ी सफलता हासिल कर लेंगे, शारीरिक-मानसिक, आर्थिक और व्यावहारिक रूप से ताक़तवर बन जाएँगे, लोग आपकी हर ग़लती भूल जाएँगे, साथ चलेंगे, शाबाशी देंगे, बस! संभलते तक समझदारी से काम लीजिए।
हर छोटी बात पर जल्दी घबराइए मत। कोशिश धीरे पर करते रहिए, सपनों को पूर्ण करने के लिए। कठिन मेहनत करिए और खुद पर भरोसा कीजिए। साहस से बड़ा, कोई विकल्प नहीं, गम के अँधेरे से निकलने के लिए। समस्या है तो सामना करना जरूरी है। जब तक भागते रहेंगे, भटकते रहेंगे। सामना करने से हमें अनुभव होते हैं, समाधान मिलते हैं, सीखते हैं, समझ आती है और एक दिन हम कठिन से खुद सरल हो जाते हैं।






