दोहे
संगणक (दोहे कम्प्यूटर के)
वर्तमान में संगणक, है उपयोगी यंत्र।
सारे ग्रंथों का बना, मूल यही है मंत्र।।
वेद-बाइबिल साथ में, गीता और क़ुरान।
रामायण के ज्ञान का, यही बना अब शान।।
इस कोरोना-काल में, इसका अति सहयोग।
शिक्षा-दीक्षा पा रहे, घर बैठे सब लोग ।।
गीत और संगीत का, करता यही प्रसार।
कवि-लेखक-साधक करें, इसका ही आभार।।
सकल ज्ञान का कोष यह, शत-शत इसे प्रणाम।
करे प्रश्न हल शीघ्र यह, समुचित उत्तर-धाम।।
अखिल विश्व पूजा करे, मान इसी को देव।
रखो समस्या सामने, समाधान सब लेव।।
धन्य-धन्य हे ज्ञान-गुरु, सकल ज्ञान-आधार।
मात्र तुम्हारी छुवन से, भ्रम का मिटे विकार।।







