सुधाकर आशावादी।
बाल कविता
छुट्टी के दिन
बहुत दिनों के बाद में भैया छुट्टी के दिन आए
सूरज की अग्नि अब भैया तन को नहीं सुहाए।
किताब कॉपियां लंच बॉक्स संग मोटा सा बस्ता
कंधे पर बोझा लादे स्कूल का लगता लंबा रस्ता
हिंदी गणित अंग्रेजी विज्ञान पढ़ने में सर चकराए
बहुत दिनों के बाद मिली राहत के दिन अब आए।
समय सारणी के नियम से उठना पढ़ना लिखना
स्कूल में जाना वापस आना, यंत्र सरीखा दिखना
भूल गए बेफिक्र बचपना, हंसने को मन ललचाए
बहुत दिनों के बाद लगा अब मुक्ति के दिन आए।
अब नानी के घर जाएंगे मामा जी प्यार लुटाएंगे
हमारे लिए बाजार से नित्य नई नई चीजें लाएंगे
नानी जी फरमाईश पूछकर पिज्जा बर्गर बनवाएं
स्वाद स्वाद में बच्चे मिलकर भूख से ज्यादा खाएं।
एक साल में आती भैया मन को खूब सुहाती छुट्टी
खेल खेल में कभी दोस्ती और कभी दोस्त से कुट्टी
सांप-सीढ़ी में साँप न जाने कब हमको डस जाए
धमा चौकड़ी खेल खेल में दिन भी कम पड़ जाए ॥
(विभूति फीचर्स)







