डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या, (उ0प्र0)
कुण्डलिया(आषाढ़)
चढ़ते ही आषाढ़ के, रिम-झिम हो बरसात।
प्रकृति ग्रीष्म को कर विदा, दे अनुपम सौगात।।
दे अनुपम सौगात, धरा दिखती इठलाती।
हरी चुनर को धारि, लगे गोरी मुस्काती।।
कहें मिसिर हरिनाथ, मेघ काले दुख हरते।
चमके चपला साथ, गगन पे बादल चढ़ते।।
जाते हल काँधे रखे, बैलों संग किसान।
फसल उगाने खेत में, जो है कर्म महान।।
जो है कर्म महान, इसी से जीवन चलता।
धन्य मास आषाढ़, अन्न से झोली भरता।।
कहें मिसिर हरिनाथ, मगन मन सब हर्षाते।
अति रुचिकर बरसात, मिले गर्मी के जाते।।







