ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
जागेश्वर धाम में लगने वाले श्रावणी मेले की तैयारियां जोरों पर।
जागेश्वर (अल्मोड़ा): धाम में होने वाले श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर एसडीएम संजय कुमार ने जागेश्वर धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर मेले की तैयारियों के लिए किए जा रहे कार्यों को समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए।
बुधवार को निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी ने यूपीसीएल के ईई कन्हैया मिश्रा को बिजली की व्यवस्था को शीघ्र संचालित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जल संस्थान के एई पवन कुमार जोशी और कनिष्ठ अभियंता विजय बलवंत मेहरा को मेले के दौरान पेयजल की आपूर्ति व्यवस्थित रूप से सुचारू करने के निर्देश दिए।उरेडा के जेई मयंक जोशी को सोलर लाइटों को एक सप्ताह के भीतर व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
उपजिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के एई आलोक कुमार और अपर सहायक अभियंता फैजान मलिक को श्रावणी मेले में जागेश्वर की सड़कों का कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
मेले में साफ सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला पंचायत को आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए। उपजिलाधिकारी ने मेले के दौरान सुरक्षा, यातायात व्यवस्था व अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
मेले के दौरान वन विभाग को पौधारोपण करने का भी आदेश दिया दिया।खण्ड शिक्षा अधिकारी दीक्षा बेलवाल को उद्घाटन समारोह में छात्र छात्राओं को शामिल करने को कहा। उपजिलाधिकारी ने कहा कि मेले के शुभारंभ के अवसर पर छलिया नृतकों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
इस दौरान उपजिलाधिकारी ने भण्डारा स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी ली। इस अवसर पर जागेश्वर मंदिर प्रबंधन समिति की कार्यवाहक प्रबंधक तहसीलदार बरखा जलाल, आलोक ओली सहित अन्य कई लोग मौजूद थे।









