संवाददाता आगर-मालवा : गोवर्धन कुम्भकार
जर्जर एवं जीर्ण-शीर्ण भवनों में स्कूल व आंगनवाड़ी संचालित न हों – कलेक्टर श्री सिंह
विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी भवनों का दो दिवस में भौतिक सत्यापन करें।
पुल-पुलियाओं पर बारिश का पानी होने पर आवागमन न होने दें
शाही सवारी मार्ग में क्षतिग्रस्त एवं कमजोर मकानों को चिन्हित कर मार्किंग करें
विद्युत पोल एवं झुले हुए तारों को ऊपर करवाएं
मूर्तियाँ निर्माण में पीओपी का उपयोग न करें
कलेक्टर ने समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में दिये निर्देश
आगर-मालवा : जिले के सभी नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर एवं जीर्ण-शीर्ण अवस्था वाले भवनों को चिन्हित कर डिस्मेंटल करवाने की कार्यवाही की जाए। जीर्ण-शीर्ण भवनों में विद्यालय एवं आंगनवाड़ी केन्द्र संचालित न हो, इसके लिये वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। एसडीएम, तहसीलदार एवं संबंधित अधिकारी गांव-गांव जाकर सभी विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी भवनों का दो दिन में भौतिक सत्यापन कर प्रतिवेदन दें। इस कार्य को गंभीरता से लेकर पहली प्राथमिकता में करें। यह निर्देश कलेक्टर श्री राघवेन्द्र सिंह ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा पत्रों की बैठक में दिए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शासकीय आवासीय भवनों का भौतिक सत्यापन कर मरम्मत योग्य भवनों की मरम्मत करवाई जाए तथा जीर्ण-शीर्ण भवनों को डिस्मेंटल करवाएं।
शाही सवारी मार्ग में क्षतिग्रस्त एवं कमजोर मकानों को चिन्हित कर मार्किंग की जाए। जिले में निरन्तर हो रही बारिश को लेकर आवश्यक सतर्कता बरती जाएं, पुल-पुलियाओं पर बारिश का पानी होने पर बैरिकेडिंग कर एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर आवागमन रोकें, लापरवाही करने वाले वाहन चालकों के विरूद्ध कार्यवाही की जाए।
शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश का जलभराव होने की सूचना मिलने पर होमगार्ड, राजस्व एवं पुलिस विभाग को समन्वय कर तत्काल राहत कार्य करें।
कलेक्टर ने कहा कि आगमी गणेश उत्सव, नवरात्रि में गणेश एवं नव दुर्गा मूर्ति निर्माण मिट्टी से किया जाए, इसके लिये कलाकारों को प्लास्टर ऑफ पेरिस के स्थान पर मिट्टी से मूर्तियां बनाने हेतु निर्देशित करे। विद्युत विभाग वर्तमान में कांवड यात्रा, शाही सवारी एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के दृष्टिगत झुके हुए विद्युत पोल एवं झुले हुए तारों को ऊपर करवाएं। विद्युत पोल को भी कवर करें, जिससे की बारिश के समय करंट न फैले।
कावंड यात्रा बाबा बैजनाथ मंदिर पर आने के दौरान तहसीलदार, व्यवस्था हेतु कर्मचारियों की ड्यूटी लगाएं।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि एक बगिया माँ के नाम अभियान के तहत् संबंधित विभाग जगह चिन्हित कर लक्ष्यानुरूप पौधारोपण करें, जिले में मानसून अवधि में अधिक से अधिक पौधारोपण हों। उन्होंने मियावाकी पद्धति से जिले में पौधारोपण करवाने हेतु सभी जनपद सीईओ को जगह का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निराश्रित गौवंशों के लिये जिन स्थानों पर गौठान बनाये गए है, उनका पंजीयन करवाएं। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्राप्त सचिव, पटवारी एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना हेतु नागरिकों से घर-घर जाकर फार्म भरवाने की कार्यवाही करे। जिला स्तर से भी अधिकारी गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणजनों को योजनाओं के बारे में जागरूक करें। जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में किसी भी कर्मचारी का समयमान-वेतनमान लम्बित नहीं रहें, यथाशीघ्र विभागीय कार्यवाही पूर्ण कर लम्बित प्रकरणों का निराकरण किया जाए।
कलेक्टर ने स्वास्थ्य यकृत मिशन अन्तर्गत नॉन-अल्कोहोलिक फेटी लिवर डिजीज के स्क्रीनिंग एवं प्रबंधन के संबंध में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य संस्थाओं पर 30 वर्ष से अधिक लोगों में जोखिम कारको की पहचान और मूल्यांकन, समुदाय में यकृत स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, संदिग्ध और पुष्ट मामलों के लिये रेफरल, और फालोअप करें।
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा कर अधिकारियों को निर्देशित किया कि दर्ज होने वाली शिकायतों का समाधानकरी निराकरण करें। सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर शिकायतों के निराकरण में सही-सही जवाब दर्ज किया जाए, शिकायतों के निराकरण में रूचि नहीं लेने वाले अधिकारियों के विरूद्ध कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी। उन्होंने जनसुनवाई के आवेदनों का समय पर निराकरण करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। समय-सीमा पत्रों का जवाब समय पर भेजने के निर्देश अधिकारियों को दिए ।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नंदा भलावे कुशर, अपर कलेक्टर श्री आरपी वर्मा, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती किरण बरबड़े, मनीषा कोल डिप्टी कलेक्टर प्रेमनारायण परमार सहित जिले के सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।







