ब्यूरो ऊखीमठः लक्ष्मण सिंह नेगी।
ऊखीमठः द्वितीय केदार मदमहेश्वर यात्रा के आधार शिविर बनातोली में मोरखंडा नदी पर बने लकड़ी के अस्थायी पुल के नीचे बने सुरक्षा दीवालों के नदी के तेज धाराओं में समाने से पुल खतरे की जद में आने से अस्थाई पुल पर आवाजाही पूर्णतया बाधित हो गयी है तथा ग्रामीणों व तीर्थ यात्रियों को ट्राली के सहारे मोरखडा नदी में आर – पार करना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग द्वारा ट्राली के संचालन पर किसी भी व्यक्ति को तैनात न किये जाने से ग्रामीणों व तीर्थ यात्रियों को एक दूसरे के सहारे आर -पार करना पड़ रहा है, आने वाले दिनों में यदि मोरखंडा नदी के जल स्तर में और अधिक वृद्धि होती है तथा लकड़ी का अस्थायी पुल मोरखंडा नदी की तेज धाराओं में समाने से ग्रामीण व तीर्थ यात्रियों की आवाजाही का साधन मात्र ट्राली रह जायेगी जिससे ग्रामीणों व तीर्थ यात्रियों की मुश्किले बढ़ सकती है। वर्ष 2023 में आपदा की भेंट चढ़े लोहे के गार्डर पुल की डी पी आर शासन की आलमारियों में कैद रहने से ग्रामीणो में शासन – प्रशासन व लोक निर्माण विभाग के खिलाफ आक्रोश बना हुआ है। बता दे कि 14 अगस्त 2023 को ब्रह्म बेला पर मोरखंडा नदी का वेग उफान में आने के कारण मोरखंडा नदी पर 70 के दशक में बना लोहे का पुल मोरखंडा नदी की तेज धाराओं में समा गया था। तब मदमहेश्वर धाम में फंसे तीन सौ से अधिक तीर्थ यात्रियों का हेलीकॉप्टर से रेक्स्यू कर सुरक्षित स्थानो पर पहुंचाया गया था विगत वर्ष भी 26 जुलाई को मोरखंडा नदी पर बना लकड़ी के अस्थाई पुल के भी नदी की तेज धाराओं में समाने से 105 तीर्थ यात्रियों का हेलीकॉप्टर से सेस्क्यू किया गया था लोक निर्माण विभाग व ग्रामीणों की मदद से लकड़ी के अस्थाई पुल से आवाजाही सुचारू की गयी थी मंगलवार को हिमालयी क्षेत्रो में भारी बारिश के कारण मोरखडा नदी का वेग उफान मेें आने के कारण लकड़ी के अस्थाई पुल की सुरक्षा दिवाले क्षतिग्रस्त होने से पुल खतरे की जद में आ गया है। निवर्तमान प्रधान बीर सिंह पंवार ने बताया कि हिमालयी क्षेत्रो में निरन्तर बारिश होने से मोरखडा नदी के जल स्तर में लगातार वृद्धि हो रही है तथा लकड़ी का अस्थाई पुल कभी भी नदी की धाराओं मेें समा सकता है। बनातोली के व्यापारी बीरबल सिंह बिष्ट ने बताया कि यदि लोक निर्माण विभाग द्वारा ट्राली के संचालन के लिए दोनो तरफ कर्मचारियो की तैनाती की जाती है तो ग्रामीणों व तीर्थ यात्रियों को ट्राली से आवाजाही करने में सुंविधा मिलेगी। ट्राली से मोरखडा नदी को पार करने के बाद गौण्डार गाँव पहुंचे हरिद्वार निवासी सौरभ अग्रवाल व दिल्ली निवासी मयक ने बताया कि ट्राली का सफर बहुत हो डरावना है। निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य कालीमठ विनोद राणा का कहना है एक तरफ प्रदेश सरकार सीमान्त गांवों के चहुंमुखी विकास का ढिंढोरा पीट रही है वहीं बनातोली में पुल निर्माण की डी पी आर शासन की फाइलो में कैद रहने पर प्रदेश सरकार की उदासीनता साफ छलक रही। वहीं दूसरी ओर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शासन से पुल की डी पी आर की स्वीकृति मिलते ही पुल का निर्माण कार्य शुरू किया जायेगा।








