हरीश काला, मयाली, रुद्रप्रयाग।
एक शिक्षाप्रद कहानी
दो भाई की अनमोल गाथा
सेठ धनीराम एक सम्मानित, विचारशील और संपन्न व्यक्ति थे। उनके दो पुत्र थे – मोहन और सोहन। समय के साथ धनीराम वृद्ध हो गए और उन्होंने अपनी संपत्ति का बंटवारा करने का निर्णय लिया।
बँटवारे की प्रक्रिया जैसे ही शुरू हुई, वैसे ही दोनों पुत्रों में विवाद उत्पन्न हो गया। सबसे बड़ा विवाद था – शहर में स्थित एक चार बेडरूम वाले आलीशान घर को लेकर। मोहन और सोहन दोनों ही उस घर को पाना चाहते थे। बात इतनी बिगड़ गई कि एक दिन दोनों आपस में मरने-मारने पर उतारू हो गए।
धनीराम यह दृश्य देखकर जोर से हँस पड़े।
उनकी हँसी देखकर दोनों भाई चौंक गए। लड़ाई भूलकर उन्होंने पूछा – “पिताजी, ऐसी स्थिति में आप हँस क्यों रहे हैं?”
पिता ने गंभीरता से कहा – “तुम दोनों एक छोटे से जमीन के टुकड़े के लिए इतना झगड़ रहे हो, चलो मैं तुम्हें एक अनमोल खजाना दिखाता हूँ। लेकिन एक शर्त है – अगर तुम आपस में झगड़े तो मैं बीच रास्ते से ही लौट आऊँगा।”
मोहन और सोहन को खजाने की बात सुनकर लालच हुआ, पर पिता की बात मानकर दोनों ने आपसी प्रेम और समझदारी से यात्रा करने का निर्णय लिया।
तीनों पिता-पुत्र गांव के लिए रवाना हुए। रास्ते में उन्हें एक बस मिली, लेकिन उसमें सिर्फ दो सीटें उपलब्ध थीं। उन्होंने आपस में सीटें बाँटीं – थोड़ी देर मोहन बैठे, फिर थोड़ी देर सोहन। 10 घंटे की यात्रा के बाद वे गांव पहुँचे।
गांव में धनीराम उन्हें एक बड़ी हवेली के पास ले गए। हवेली सुनसान थी, दीवारें झड़ चुकी थीं, और हर कोने में कबूतरों ने घोंसले बना लिए थे। धनीराम उस हवेली को देख रोने लगे।
पुत्रों ने पूछा – “पिताजी, आप क्यों रो रहे हैं?”
धनीराम बोले – “बचपन याद है तुम्हें? यही वह हवेली है जिसके लिए मैंने अपने बड़े भाई से लड़ाई की थी। ये हवेली तो मिल गई, पर मैं अपना भाई हमेशा के लिए खो बैठा। वो दूर देश चला गया और फिर कभी नहीं लौटा। वक्त बदला और एक दिन हमें भी यह हवेली छोड़नी पड़ी।”
फिर उन्होंने पूछा – “बेटा, जिस सीट पर हम बस में बैठे थे, क्या वो सीट हमेशा के लिए हमारी हो गई?”
दोनों पुत्रों ने जवाब दिया – “नहीं पिताजी, बस की यात्रा चलती रहती है। आज हम बैठे थे, कल कोई और बैठेगा।”
धनीराम मुस्कुराए और बोले – “यही मैं समझाना चाहता हूँ। ये घर, जमीन-जायदाद, दौलत – ये सब बस थोड़ी देर के लिए हमारे पास है। इससे पहले कोई और था, आज हम हैं, कल कोई और होगा। जैसे बस की सीट पर सवारियाँ बदलती रहती हैं, वैसे ही जीवन की यह दौलत भी बदलती रहती है।”
“बेटा, ध्यान रखना – इस थोड़ी सी देर के लिए अपने अनमोल रिश्तों की आहुति मत दे देना। ये हवेली देखो, जिसके लिए मैंने अपनों से नाता तोड़ लिया – आज यहाँ कबूतरों का डेरा है। जब जीवन की यात्रा में तुम तालमेल बिठाकर चलोगे, तभी प्रेम और सुख बचेगा।”
यह सुनकर दोनों पुत्र पिता की गोद में गिर पड़े और रोने लगे। उन्होंने सच्चाई समझ ली थी।
शिक्षा:
जीवन एक यात्रा है और हर संसाधन – धन, संपत्ति, ऐश्वर्य – बस थोड़ी देर का विश्राम स्थल है। रिश्ते अनमोल होते हैं। छोटे-छोटे स्वार्थों के लिए उन्हें खो देना मूर्खता है। जैसे बस की सीट पर सवारियाँ बदलती रहती हैं, वैसे ही इस संसार में भी सब कुछ क्षणिक है। बस, प्रेम और तालमेल से चलो, यही सच्चा खजाना है।









