ब्यूरो मध्य प्रदेशः प्रेरणा गौतम।
कलम की गूंज औऱ झोला छाप
पत्रकारिता का असली चेहरा वह नहीं है जो चमचमाते स्टूडियो की स्क्रीन पर हर रात सजकर बैठा दिखता है। पत्रकारिता का असली चेहरा वह है जो धूल-धक्कड़ में भी सच तलाशे,जो सत्ता के गलियारों से ज़्यादा गाँव की चौपाल पर लोगों की आवाज़ सुने, जो विज्ञापन और टीआरपी से ऊपर उठकर केवल और केवल जनहित को अपना धर्म माने।
इसी सच्ची पत्रकारिता की तस्वीर हैं राजेन्द्र सिंह जादौन।
उनके कंधे पर लटका झोला दरअसल उनकी संपादकीय मेज़ है, जिसमें कतरनों का पुलिंदा, किसानों की फरियादें, मज़दूरों की हकीकत और सत्ता की काली करतूतों के सबूत भरे रहते हैं। उनका कैमरा और कलम सिर्फ़ ख़बरें नहीं लिखते, बल्कि जनता की पीड़ा का इतिहास दर्ज करते हैं। जादौन साहब ने अपनी लेखनी से बार-बार यह सिद्ध किया है कि
पत्रकारिता सत्ता की दलाली नहीं,
पत्रकारिता विज्ञापन का सौदा नहीं,
पत्रकारिता जनता की जुबान है।
यह कोई साधारण उपलब्धि नहीं। यह उस साहसी पत्रकार का परिचय है, जो भीड़ में अलग दिखता है, क्योंकि वह सच को सच कहने का साहस रखता है।
आज जब बड़े-बड़े मीडिया हाउस सत्ता और पूँजी के सामने नतमस्तक हो चुके हैं,
तब भी राजेन्द्र सिंह जादौन की कलम झुकती नहीं। उनकी पत्रकारिता देश और प्रदेश के गाँव-गाँव में गूँजती है।
लोग उनके लेख पढ़कर कहते हैं “हाँ, यही है पत्रकारिता। यही है वह आवाज़ जिसकी हमें तलाश थी।” “झोला छाप पत्रकार” शब्द, जो कभी तंज़ था,आज उनके लिए सम्मान का प्रतीक बन गया है। वह झोला ही उनकी पहचान है, उनका साहस है और उनका इतिहास है।
इस संकलन में प्रस्तुत रचनाएँ और रिपोर्टें केवल पत्रकारिता नहीं,बल्कि समाज का आईना हैं,जिसमें सत्ता का चेहरा भी झलकता है और जनता की पीड़ा भी।
राजेन्द्र सिंह जादौन की कलम हमें यह याद दिलाती है कि पत्रकारिता की असली ताकत सत्ता के महलों में नहीं,
बल्कि सच्चाई की मिट्टी में छुपी होती है।
मध्यप्रदेश की पहचान किसी दौर में “हृदय प्रदेश” के रूप में की जाती थी। लेकिन राजेन्द्र सिंह जादौन ने अपनी पत्रकारिता से यह दिखाया कि प्रदेश का दिल भीतर से कितना बीमार है।
कुपोषण, जो केवल सरकारी रिपोर्टों में एक आँकड़ा बनकर रह गया था, जादौन की कलम से निकलकर जनता की आँखों के सामने जीवंत तस्वीर बन गया।
उन्होंने गाँवों और आदिवासी अंचलों से ऐसी सच्चाइयाँ सामने रखीं, जहाँ बच्चे पेट पकड़कर बिलखते रहे, माएँ दूध न होने पर आंसुओं से बच्चों को बहलाती रहीं
और सरकार इन सबके बीच “इन्वेस्टर्स मीट” में विकास का जश्न मनाती रही।
करोड़ों का पोषण आहार बजट कहाँ बह गया।
आंगनवाड़ी केंद्रों में नाम भर दर्ज होते रहे, लेकिन बच्चों के हाथ में रोटी और थाली कभी नहीं पहुँची।
अधिकारियों की फाइलों में“सुधार की योजनाएँ” बनती रहीं, पर जमीन पर मौतों की गिनती बढ़ती रही।
उनकी रिपोर्टों ने सरकार को असहज कर दिया। प्रशासन ने आँकड़े छुपाने की कोशिश की, लेकिन जादौन ने साफ लिखा “असली भारत, गाँव में भूखा है। विकास के पोस्टर में मुस्कुरा रहा बच्चा, असल में कुपोषण से मर रहा है।”
यह खबरें सिर्फ़ अख़बार तक सीमित नहीं रहीं। देश के कई बड़े पत्रकारों और संस्थानों ने जादौन की रिपोर्टिंग को आधार बनाकर प्रदेश की कुपोषण की हालत पर राष्ट्रीय बहस छेड़ी। जनता में गुस्सा फूटा। लोगों ने सवाल करना शुरू किया। “जब अरबों का बजट आता है, तो भूख क्यों नहीं मिटती?”
कुपोषण पर लिखना आसान नहीं था। यह न तो सरकार को भाता था, न ही उन ठेकेदारों और अधिकारियों को जिनके लिए यह बजट सिर्फ़ मुनाफे का जरिया था। लेकिन जादौन साहब ने हर दबाव के बावजूद यह साबित किया कि पत्रकार का काम केवल खबर लिखना नहीं, बल्कि समाज को जगाना भी है ।यह अध्याय हमें यह एहसास दिलाता है की विकास की चमक-दमक के पीछे छुपी भूख को केवल एक सच्चा पत्रकार ही उजागर कर सकता है।







