काव्य रत्न डॉ0 रामबली मिश्र, वाराणसी।
पर्वत की चोटी
पर्वत की चोटी अति उन्नत।
इसे देख होता मस्तक नत।।
बहुत कठिन है इसको छूना।
छूता जिसका दिल है दूना।।
पर्वत की चोटी का मतलब।
लक्ष्य अति बड़ा साहस भी जब।।
तभी बहादुर जा सकता है।
चोटी को वह पा सकता है।।
जब आकांक्षा बहुत बड़ी हो।
नैतिकता की नींव पड़ी हो।।
जब चरित्र सर्वोत्तम पावन।
तब मन देखे प्रिय वृन्दावन।।
मानव मन पर्वत की चोटी।
कर निरुद्ध वृत्त्ति हो छोटी।।
तभी सफलता पग चूमेगी।
चोटी तब कर में घूमेगी।।
मां का घर
अति महान होता मां का घर।
स्वर्गिक स्वर्णिम अति प्रिय सुंदर।।
सात्विक नैतिक उत्तम आतम ।
यहीं निवास करते परमातम।।
मां का घर है पावन निर्मल।
सहज भावपूर्ण मधु उज्ज्वल।।
निर्भयता ममता की छाया।
मां के उर में करुणा – दाया।।
कोई नहीं बड़ा है मां से।
स्नेहिल उर्मिल मां बच्चे से।।
सच्चे मन से प्यार जताती।
मां सतयुग की बात बताती।।
मां अति कोमल भावुक सज्जन।
बच्चों की आँखों का अंजन।।
शिक्षा देती गुरुवर बनकर।
राह दिखाती हाथ पकड़ कर।।
सच्चा मित्र
सबसे सच्चा मित्र वह, जिसमें नहीं विकार।
है विनम्र भावुक सहज, उत्तम सोच विचार।।
नहीं कपट कुंठा नहीं, निर्मल मानस भाव।
सदा निभाता मित्रता, डाले मधुर प्रभाव।।
देख मित्र के कष्ट को, जो होता गमगीन।
वही मित्र सच्चा सदा, मित्र पीठ आसीन।।
मधु वाणी कहता सहज, बोले नहीं कुरंग।
दिल में बैठी संतता, जीते सच्ची जंग।।
साथ नहीं छोड़े कभी, सदा मिलाये हाथ।
देता अपना समय है, बनकर दीनानाथ।।
हाल- चाल है पूछता, मन में अति उत्साह।
करता अपने मित्र का, रात -दिवस परवाह।।
मित्र मिलन प्रिय सम्पदा, यह अनंत भंडार।
जो जाने इस मर्म को, उसे मित्र से प्यार।।
सच्चा मित्र कभी नहीं, करता है उपहास।
स्वयं हृदय से निकटता, का देता अहसास।।







