ब्यूरो ऊखीमठ (रुद्रप्रयाग): लक्ष्मण सिंह नेगी।
ऊखीमठः केदार घाटी विभिन्न इलाकों में विगत कई दिनो से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन खासा प्रभावित हो गया है। मूसलाधार बारिश के कारण रुद्रप्रयाग – गौरीकुंड नेशनल हाईवे पर बांसवाड़ा मेें ऊपरी पहाड़ी से भारी मलवा आने के कारण हाइवे पर घन्टो यातायात बाधित रहा तथा बद्रीनाथ व हरिद्वार जाने वाले राहगीरों को बांसवाडा- चन्द्रनगर- मोटर वैकल्पिक मार्ग से गतव्यों तक पहुंचना पड़़ा। कुण्ड – चोपता नेशनल हाईवे पर ताला तोक के निचले हिस्से मे भूधास होने के कारण नेशनल हाईवे पर दरारे पड़ने से मोटर मार्ग पर सफर करना जोखिम भरा हो गया है जबकि कन्था व पापड़ी तोको मे निरन्तर भूस्खलन जारी रहने से राहगीरों को चुनौतियों का सामना कर सफर करना पड रहा है। ऊखीमठ – मनसूना – रासी मोटर मार्ग जगह – जगह कीचड़ में तब्दील होने से मदमहेश्वर धाम जाने वाले तीर्थ यात्रियों व मदमहेश्वर घाटी के दर्जनो गांवों के ग्रामीणों को जान हथेली पर रखकर आवागमन करना पड़ रहा है। क्षेत्र में हो रही मूसलाधार बारिश के कारण मदमहेश्वर घाटी व तुंगनाथ घाटी का तीर्थाटन, पर्यटन व्यवसाय खासा प्रभावित हो गया है। द्वितीय केदार मदमहेश्वर यात्रा के आधार शिविर गौण्डार- बनातोली में आपदा से क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग पर निरन्तर भूस्खलन होने से पैदल मार्ग पर सफर करना जोखिम भरा बना हुआ है।

मूसलाधार बारिश के विभिन्न क्षेत्रों मेें भारी भूस्खलन होने से काश्तकारो की संचित असिंचित फसलों को भारी नुकसान पहुंचने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के पैदल सम्पर्क मार्गो को भी भारी नुकसान पहुंच चुका है। मूसलाधार बारिश के कारण मन्दाकिनी सहित सहायक नदियो के जल स्तर मे लगातार वृद्धि हो रही है जबकि ऊंचाई वाले इलाको के तापमान में हल्की गिरावट महसूस होने लगी है। मिली जानकारी के अनुसार शनिवार लगभग 11 बजे रूद्रप्रयाग – गौरीकुंड नेशनल हाईवे पर बांसवाडा के निकट ऊपरी पहाडी़ से भारी मलवा आने के कारण हाईवे पर घन्टों यातायात प्रभावित रहा तथा समाचार लिखे जाने तक नेशनल हाईवे द्वारा यातायात बहाल करने के प्रयास किये जा रहे थे। प्रधान उषाडा प्रतिपाल बजवाल ने बताया कि ताला तोक के निचले हिस्से में आकाशकामिनी नदी के तेज बहाव से भूकटाव होने के कारण कुण्ड – चोपता नेशनल हाईवे पर दरारे पडने से हाईवे पर सफर करना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। सामाजिक कार्यकर्ता महिपाल बजवाल ने बताया कि तुंगनाथ घाटी में लगातार मूसलाधार बारिश होने से क्षेत्र का तीर्थाटन, पर्यटन व्यवसाय खासा प्रभावित हो गया है। ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी ने बताया कि मूसलाधार बारिश के कारण ऊखीमठ- मनसूना – रासी मोटर मार्ग जगह- जगह कीचड़ मेें तब्दील होने से मोटर मार्ग पर सफर करना जानलेवा बना हुआ है। प्रधान बुरूवा मदन भट्ट ने बताया कि मूसलाधार बारिश के कारण ऊंचाई वाले इलाको के तापमान में हल्की गिरावट महसूस होने लगी है।







