राजेन्द्र रंजन गायकवाड (सेवा निवृत जेल अधीक्षक) बिलासपुर, छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w)6395080071
कर्मफल (भाग 27)
किसान जब खेत में बीज डालता है, तो उसके मन में एक अटूट विश्वास होता है। वह जानता है कि समय आएगा, बारिश होगी, धूप निकलेगी, और वह फसल अपने हाथों से काटेगा, पर कभी-कभी फसल इतनी देर से पकती है कि किसान की आँखें थक जाती हैं, कमर झुक जाती है, और विश्वास भी डगमगाने लगता है। फिर भी वह इंतजार करता रहता है क्योंकि वह जानताभी नहीं मानता भी है कि कर्म का फल कभी व्यर्थ नहीं जाता।
राजन भी वही एक किसान था। सागर से भोपाल आने के बाद उसके जीवन की एक नई पंक्ति शुरू हुई थी। परिवार के साथ एक छोटे से मकान में व्यवस्था बसी। सुबह बैंक के लिए निकलना, दिन भर ग्राहकों के बीच घिरे रहना, शाम को थके हुए कदमों से घर लौटना यह चक्र अब उसकी रोजमर्रा बन चुका था,पर उसके भीतर एक और घड़ी लगातार चल रही थी। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग के साक्षात्कार का परिणाम आने की, वह घड़ी न सोती थी, न थकती थी। हर सुबह जब वह बैंक पहुँचता, तो मन ही मन एक ही प्रश्न दोहराता आज तो कुछ अच्छी खबर आएगी? और शाम को जब घर लौटता, तो सज्जो की आँखों में वही प्रश्न पढ़ लेता, ये अलग बात है कि वह मुस्करा के उत्तर समझ जाती ।
स्नातकोत्तर होने के 12 वर्ष, किताबों के पन्ने, रात के दो बजे तक जलती हुई बल्ब के नीचे टिमटिमाती जिंदगी, असफलताओं की लंबी सूची, और फिर भी हार न मानने वाला एक जिद्दी आत्म – विश्वास कि वह सब अब उसके भीतर एक समंदर बन चुका था, जिसे वह हर पल लहरें उठती और वापस गहरे गर्त में समा जाती,, ये सिलसिला कभी कभी आदमी के मनोबल को हिला / तोड़ देता है ।
उस दिन भी वही दिन था, बैंक का काम समाप्त हुआ। राजन ने अपनी मेज संभाल ली, फाइलें बंद कीं, और घर लौटने की तैयारी करने लगा। तभी लैंडलाइन की घंटी गूँजी,,बहादुर प्यून दौड़कर पास आया,,,सर आपका फोन है,,
हेलो जी…” सज्जो की आवाज में कुछ ऐसा था जो सामान्य नहीं था “आप फाइनली पास हो गए हो। राजन ने सुना, पर सुना नहीं, जैसे शब्द कानों तक पहुँचे, पर अर्थ अभी दिल तक नहीं उतरा था।
लोक सेवा आयोग… अंतिम साक्षात्कार… जेल विभाग… के राजपत्रित अधिकारी चयनित…” सज्जो की आवाज अब काँप रही थी, और फिर वह हँस पड़ी वह हँसी जिसमें आँसू भी छिपे थे। “घर आते समय मिठाई लेते आना। पूरी कॉलोनी को खिलानी है। आपके मित्र लक्ष्मी दुबे जी और सनत जैन भैया अभी-अभी बताकर गए हैं।
राजन का हाथ लैंड लाइन फोन के हैंडसेट (रेसिवर) पर जम गया, पैरों के नीचे की जमीन जैसे हिल गई। बारह साल की तपस्या, अनगिनत रातें, अनगिनत निराशाएँ सब एक साथ उसकी आँखों के सामने से ऐसे गुजरे हवा का एक झोंका ,,वह खड़ा-खड़ा हवा में मानो तैर रहा था। बैंक के चारों ओर की दीवारें, मेजें, दोस्त/ ग्राहक सब कुछ धुँधला पड़ गया। उसने अनजाने में आसमान की ओर देखा, निराकार ईश्वर के प्रति एक मौन नमन किया। कोई शब्द नहीं निकले केवल एक गहरी साँस, और खुलकर आंसू टपके जिनमें राहत, कृतज्ञता और विश्वास/ अविश्वास/ आत्म विश्वास का कॉकटेल हो गया।
आपने आपको संभालते हुए उसने अपने सहकर्मियों को बताया। बैंक के हॉल में जैसे उत्सव उतर आया हो, लोग एक-दूसरे को गले लगाने लगे। कोई मिठाई लाने की बात कर रहा था, कोई उसके कंधे पर हाथ रखकर बस मुस्कुरा रहा था। मैनेजर व्यास जी के पास जब राजन पहुँचा और उनके चरण छूए, तो व्यास जी की आँखें भी भर आईं। बोले बारह साल ! उन्होंने धीरे से कहा, इस बैंक के इतिहास में कोई कर्मचारी यहाँ से निकलकर लोक सेवा आयोग में राजपत्रित अधिकारी नहीं बना। तुमने कमाल कर दिखाया, राजन। बधाई हो,,,
राजन कुछ बोल नहीं पाया। केवल सिर झुकाए खड़ा रहा। भीतर कुछ टूट रहा था और कुछ बन रहा था। वह जानता था कि यह सफलता केवल उसकी नहीं थी। सज्जो की रात-रात भर की चिंता, परिवार का संयम, और वह अदृश्य शक्ति जिसने उसे हर बार गिरने के बाद फिर उठने की शक्ति दी थी सबका अंश इसमें शामिल था।
शाम को जब वह मिठाई लेकर घर पहुँचा, तो कॉलोनी के लोग पहले से ही इकट्ठे थे। बच्चों की चीखें, महिलाओं की बधाईयाँ, और सज्जो की वह शांत मुस्कान जो सब कुछ कह रही थी ‘अब फसल पक गई है।’ राजन ने एक फिर अपने घर के कोने में रखी तथगत गौतम बुद्ध की मूर्ति के सामने मोमबत्ती जलाकर मन ही मन कहा,, अपना दीपक खुद बनो,,,राजन ,,,सबकी की ओर एक बार फिर देखा,, सब सोच रहें हैं कि किसान ने अपना इंतजार पूरा कर लिया, सफलता और संयम की फसल लहरा रही है।
(शेष भाग कल)






