ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर उठे सवाल, जनता की शिकायतों को किया जा रहा है नजरअंदाज।
अल्मोड़ाः जनता की शिकायतों का शीघ्र समाधान के लिए बनाई गई हेल्पलाइन से नहीं हो रहा है समाधान। कुछ चुनिंदा लोगों को छोड़कर बाकी शिकायतें जस की तस बनी हुई हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता संजय पांडे ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर कई शिकायतों का हवाला देते हुए कहा कि इस हेल्पलाइन से आम लोगों की शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। कुछ चुनिंदा लोगों की बातें ही सुनी जा रही हैं बाकी जनता की शिकायतों पर बिल्कुल ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
पाण्डे ने कहा कि जिस हेल्पलाइन का मकसद जनता को त्वरित और पारदर्शी समाधान दिलाना था, वह अब कागजी औपचारिकता बनकर रह गई है। शिकायतों का निराकरण करने के बजाय अधिकारियों द्वारा मनमाने ढंग से उन्हें “स्पेशल क्लोज” कर दिया जा रहा है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि राज्यपाल के अनु सचिव द्वारा L4 स्तर पर भेजी गई शिकायत को L3 स्तर के अधिकारी ने बिना कार्रवाई के स्पेशल क्लोज में डाल दिया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय से भेजी गई दो शिकायतें भी इसी तरह से ठंडे बस्ते में डाल दी गई।
संजय पांडे ने बताया कि CHML0920238432564(24अगस्त2023), CHML0920238448554(26सितंबर 2023), CHML032025870316(8मार्च 2025) की शिकायतों का भी अब-तक कोई हल नहीं निकला है और जिलाधिकारी अल्मोड़ा ने भी इस पर कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई है।
उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी बात ये है कि जिले के अधिकारी इस हेल्पलाइन की समीक्षा तक नहीं कर रहे हैं, जिससे लोगों में गहरी नाराजगी है।
पाण्डे ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि हेल्पलाइन प्रणाली की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि स्थति नहीं सुधरी तो जनता का विश्वास सिस्टम और सरकार पर से पूरी तरह से उठ जाएगा।







