ब्यूरो कुमांऊः दयानन्द कठैत।
करीब एक वर्ष से भी अधिक समय से अल्मोड-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग क्वारब पुल के पास लगातार धंस रहे पहाड़ व सड़क का स्थाई समाधान न निकाल पाने पर कांग्रेस ने सरकार की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल।
नेशनल हाईवे क्वारब पुल के पास पहाड़ी के लगातार दरकने से यातायात व्यवस्था बार बार बाधित होने और उस पर चल रहे पुनर्निर्माण कार्य की खराब गुणवत्ता पर बिफरे कांग्रेस विधायक मनोज तिवारी :
अल्मोड़ाः नेशनल हाईवे अल्मोड़ा-हल्द्वानी मार्ग पर क्वारब के पास पिछले साल से लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण यातायात व्यवस्था में हो रहे व्यवधान पर विधायक मनोज तिवारी ने सरकार और प्रशासन की लचीली कार्यप्रणाली पर आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि अगर इस समस्या का शीघ्र समाधान नहीं निकला गया है वो बड़ा जन आंदोलन करेंगे।
आज दिनांक 07-09-2025को स्थानीय शिखर होटल के सभागार में एक प्रेस वार्ता में विधायक मनोज तिवारी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि कुमाऊं की लाइफ लाइन कहे जाने वाली सड़क (राष्ट्रीय राजमार्ग 09) में आ रही बाधा का इतने लंबे समय तक कोई ठोस समाधान न निकाल पाना सरकार की व स्थानीय प्रशासन की नाकामी का सबूत है।
उन्होंने कहा कि तीन जिलों को जोड़ने वाली इस सड़क का बार बार बंद होने से जहां इन जिलों का व्यापार बूरी तरीके से प्रभावित हो रहा है वहीं यहां से इलाज के लिए बाहर जाने वाले मरीजों और गर्भवती महिलाओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों को अन्य दूरस्थ क्षेत्रों के वैकल्पिक मार्गों से आने जाने में जहां दोगुना समय लग रहा है वहीं दोगुना किराया भी देना पड़ रहा है। इससे आम लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लेकिन सरकार को जनता की इन परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है।
विधायक तिवारी ने कहा कि विगत दिनों समाचार पत्रों व मीडिया के माध्यम से पता चला है कि इस नेशनल हाईवे पर क्वारब के पास बनाई जा रही रिटेनिंग वॉल की गुणवत्ता इतनी खराब है कि वह पूर्ण होने से पहले ही टूटने लगी और सारी सच्चाई सबके सामने आ चुकी है। उन्होंने कहा कि इससे संबंधित अधिकारियों, ठेकेदारों और संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और संबंधित ठेकेदार को ब्लैक लिस्टेड करने की मांग की।
विधायक तिवारी ने बताया कि वो कल यानी 08सितंबर 2025 सोमवार को इस संबंध में जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडे अल्मोड़ा से एक शिष्टमंडल के साथ मुलाकात करेंगे और इस संबंध में जांच की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपेंगे।
तिवारी ने कहा कि अगर सरकार और प्रशासन का रवैया ऐसा ही रहा तो कांग्रेस जन आंदोलन और धरना प्रदर्शन करेगी।
इन अवसर पर विधायक मनोज तिवारी के साथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज, कांग्रेस नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, पूर्व नगर अध्यक्ष पूरन रौतेला, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष सुनील शाह, व्यापार मंडल के जिला महामंत्री भैरव गोस्वामी आदि लोग मौजूद रहे।








