संवाददाता आगर-मालवा :गोवर्धन कुम्भकार।
सामाजिक अंकेक्षण हेतु वीएसए का उन्मुखीकरण प्रशिक्षण संपन्न
आगर-मालवा : भारत सरकार ग्रामीण विकास विभाग, मंत्रालय नरेगा डिवीजन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों तथा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम-2005 की धारा 17 एवं ऑडिट ऑफ स्कीम रूल्स 2011 के अंतर्गत मनरेगा अंतर्गत किए गए कार्यों का सामाजिक अंकेक्षण अनिवार्य किया गया है। इसी संदर्भ में राज्य सामाजिक संपरीक्षा समिति के निर्देशानुसार कलेक्टर, जिला आगर मालवा द्वारा सोशल ऑडिट के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु वार्षिक कैलेंडर जारी किया गया है।
उक्त परिप्रेक्ष्य में विलेज सोशल ऑडिटर (वीएसए) का एक दिवसीय उन्मुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के शुभारंभ अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती नंदा भलावे कुशरे ने उपस्थित होकर वीएसए एवं अन्य प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि सामाजिक अंकेक्षण का उद्देश्य योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करना है। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्धारित कैलेंडर के अनुसार सत्यापन कार्य समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। विशेष ग्राम सभाओं में प्राप्त शिकायतों एवं मुद्दों को ब्लॉक स्तरीय गठित ज्यूरी के समक्ष जनसुनवाई हेतु प्रस्तुत किया जाए तथा प्रत्येक शिकायत एवं अंकेक्षण से संबंधित अभिलेखों की प्रविष्टियां समय पर पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज की जाएं।
प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए जिला समन्वयक (एसबीएम/एसए) श्री पवन स्वर्णकार ने जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में वर्ष 2024-25 में पूर्ण हुए सभी मनरेगा कार्यों का सामाजिक अंकेक्षण किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक ग्राम में ग्राम संपरीक्षा समिति का गठन किया जाएगा, जिसमें मनरेगा अंतर्गत सर्वाधिक दिवस कार्य करने वाले परिवार के सदस्य, महिला प्रतिनिधि एवं अनुसूचित जाति/जनजाति समुदाय के सदस्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायत के लिए 2 वीएसए को नियुक्त कर सोशल ऑडिट प्रक्रिया को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि नरेगा के अतिरिक्त श्रम विभाग अंतर्गत म. प्र. भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की अनुग्रह सहायता योजनाओं तथा आयुष्मान भारत योजना से जुड़े ग्रामीण हितग्राहियों का भी सामाजिक अंकेक्षण निर्धारित प्रक्रिया अनुसार किया जाएगा।
प्रशिक्षण सत्र में संबंधित विभागों के प्रभारी अधिकारियों ने भी विस्तृत जानकारी प्रदान की। महात्मा गांधी नरेगा योजना के तकनीकी पहलुओं पर डॉ. मनोज शर्मा ने विशेषज्ञ दृष्टिकोण साझा किया। श्रम विभाग से श्री बी.पी. राठौर (श्रम अधिकारी), आयुष्मान भारत योजना से श्री राहुल सिंह चौहान एवं श्री ईश्वर सुदावत ने अपनी-अपनी योजनाओं के क्रियान्वयन एवं सामाजिक अंकेक्षण से संबंधित बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी दी।







