पुस्तक समीक्षा-
यथार्थ बोध की स्वाभाविक निर्मिति है
“पीठ पर टिका घर”(लघुकथा संग्रह)
पिछले साठ साल से अब तक अनेक समकालीन पत्र-पत्रिकाओं में निरन्तर प्रकाशित तथा कहानी, पौराणिक कहानी, उपन्यास, हास्य-व्यंग्य,बाल साहित्य तथा कविता जैसी विविध विधाओं में प्रकाशित 37 पुस्तकों की अति वरिष्ठ एवं सुप्रतिष्ठित लेखिका श्रीमती सुधा गोयल का प्रथम लघुकथा-संग्रह “पीठ पर टिका घर” नमन प्रकाशन, नई दिल्ली द्वारा प्रकाश में लाई गई उनकी नवीनतम कृति है, जो निश्चित रूप से उनके दीर्घ काल से लेखन की निरन्तरता की मात्र परिचायक ही नहीं, हिन्दी साहित्य के कहानी क्षेत्र की अन्यतम उपलब्धि भी है।
उपन्यास, कहानी या लघुकथा सभी के लिए समान रूप से लागू कथातत्व की श्रेष्ठता को प्रतिपादित करने वाले जो मानक और मापदण्ड समालोचकों द्वारा स्थापित किए गए हैं, उनमें औचित्यपूर्ण शीर्षक और कथन के सद् उद्देश्य को प्राथमिक महत्व दिया गया है।
इसी के अनुसरण में कहा जा सकता है कि प्रबुद्ध लेखिका सुधा जी के इस लघुकथा -संग्रह का आवरण-शीर्षक “पीठ पर टिका घर” अत्यधिक व्यन्जनामूलक एवं उत्सुकता उत्पन्न करने वाला है,जो मानव-जीवन के विविध जनवादी आयाम एवं जीविका के विवश बोध को प्रदर्शित करने में सक्षम सिद्ध हो रहा है। दूसरे, उनकी लघु कथाओं के शीर्षक भी प्रायः इसी प्रकार का बोध कराते हैं। जैसा कि अधिकांश लघु कथाओं के सृजन में किसी वाक्यांश या घटना की अनर्गल, अस्पष्ट एवं अपूर्ण पूर्ति कर देने का चलन चल पड़ा है, उससे हटकर उनकी लघुकथाएं कथन की स्पष्ट एवं उद्देश्यपूर्ण पूरी पूर्ति करती हुई प्रतीत हो रही है।
इस संग्रह की 94 लघु कथाओं में से अधिकांश में लेखिका नारी विमर्श के अन्तर्गत नारियों के विवश, विद्रूप, शोषित एवं उपेक्षित पक्ष को प्रबलता से प्रस्तुत करने में सफल रही हैं। ऐसी लघु कथाओं में उनके द्वारा �







