प्रभारी सम्पादकः राजेन्द्र सिंह जादौन।
100 का सिक्का औऱ जेब में खनक ?
कहते हैं खोटा सिक्का किसी काम का नहीं होता पर अब वक्त बदल गया है अब हर खोटे सिक्के की अपनी कीमत है देश तरक्की की राह पर है डिजिटल इंडिया का नारा बुलंद है और इसी बुलंदी के बीच अब हमारे बाजार में 100 का सिक्का आ गया है और उस पर छपी है भारत माता वही भारत माता जो कभी मंदिरों में पूजी जाती थी जिसकी तस्वीर देखकर हम सिर झुका देते थे जो हर भारतवासी के दिल में बसती थी अब वही भारत माता जेब में खनक रही है चिल्लर बनकर गिर रही है और लोग गर्व महसूस कर रहे हैं कि अब भारत माता का मूल्य भी तय हो गया है सौ रुपये
यह वही भारत माता है जिसके लिए लाखों जवानों ने अपनी जान दी किसानों ने अपने खेत छोड़े मज़दूरों ने पेट की आग दबा ली और अब उसी भारत माता को हमने सिक्के पर छाप दिया है कभी जिसे अमूल्य कहा गया था आज उसका मूल्य भी मिंट प्रेस ने तय कर दिया अब माँ जेब में है बैंक में है बाजार में है पर दिलों में कहाँ है माँ तो भावना थी श्रद्धा थी जो शब्दों में नहीं जी जाती थी उसे अब मुद्रा बना दिया गया है राष्ट्रभक्ति अब छपती है वितरित होती है और सोशल मीडिया पर ट्रेंड बनती है यह सिक्का शायद हमें याद दिलाने के लिए बनाया गया होगा कि भारत माता अब भी हमारे साथ है पर अफसोस यह है कि हम उसे अब भावना के रूप में नहीं अर्थ के रूप में देखने लगे हैं सिक्का अब अर्थव्यवस्था का हिस्सा है और माँ अब अर्थशास्त्र का प्रतीक कभी वो खेत में थी मंदिर में थी कविता में थी अब प्रेस में है बैंक की दराज में है बच्चों के गुल्लक में है माँ का चेहरा अब लेन-देन का हिस्सा बन चुका है और यह बदलाव जितना आधुनिक लगता है उतना ही पीड़ादायक भी कभी भारत माता की जय का नारा कानों में गूंजता था तो दिल गर्व से भर जाता था आज वही नारा अब हैशटैग बन गया है कभी माँ की तस्वीर देखकर आँसू निकल आते थे अब वही तस्वीर सिक्के पर देखकर लोग मुस्कुराते हैं फोटो खींचते हैं और अगले ही पल उसे खर्च कर देते हैं माँ अब मुद्रा बन चुकी है और मुद्रा की नियति है कि वह घूमती रहे चाहे जिस हाथ में जाए सम्मान अब स्थायी नहीं रहा वह भी चलन में है।
अब सवाल यह नहीं कि 100 का सिक्का क्यों बना सवाल यह है कि हमें माँ को मुद्रा पर छापने की जरूरत क्यों पड़ी क्या इसलिए कि भावना को भी अब कानूनी दर्जा मिल सके या इसलिए कि हम भावनाओं को सिर्फ प्रतीक के रूप में देखना चाहते हैं देशभक्ति अब दिल से नहीं जेब से झांकती है।
आज भारत माता हर जेब में है हर पर्स में है पर हर हृदय में नहीं जब भी हम कोई सिक्का गिराते हैं शायद हमें यह याद करना चाहिए कि उसी पर हमारी माँ छपी है पर हम कितनी बार उसकी ओर देखते हैं कितनी बार उसे महसूस करते हैं सच तो यह है कि अब भावना भी अर्थ में तौली जाती है श्रद्धा भी मूल्य में नापी जाती है।
जो माँ कभी सैनिकों के होंठों पर प्रार्थना बनकर थी अब आर्थिक मूल्य का प्रतीक बन गई है यह वही युग है जहाँ हम मंदिर में आरती गाते हैं वन्दे मातरम् कहते हैं और बाहर निकलकर नोट गिनते हैं जिस पर उसी माँ की तस्वीर छपी होती है यह श्रद्धा है या व्यंग्य कहना मुश्किल है।
100 का सिक्का अब बाजार में है लोग उसे संभाल कर रखेंगे दिखाएँगे कुछ गर्व से कहेंगे देखो इस पर भारत माता है लेकिन कुछ दिनों बाद वही सिक्का किसी दुकान की दराज में गिरा रहेगा और धीरे-धीरे उसकी चमक उतर जाएगी जैसे हमारी भावनाओं की चमक उतर गई है आज भारत माता की तस्वीर के साथ राजनीति होगी प्रचार होगा पर माँ के आँसू कोई नहीं देखेगा।
हमारे देश में अब हर चीज़ का मूल्य तय है जमीन से लेकर आत्मा तक सबकी कीमत है अब माँ की भी है सौ रुपये की एक तस्वीर में कैद है वह चेहरा जो कभी राष्ट्र की आत्मा हुआ करता था अब आर्थिक चिन्ह बन गया है लोग सोचते हैं यह सम्मान है पर सच में यह सम्मान नहीं यह हमारी सोच की सीमा है हमने भावना को वस्तु बना दिया है हमने अमूल्य को मूल्यवान बना दिया है।
अब जब भी कोई बच्चा सिक्का उछालेगा तो तय करेगा हेड या टेल नहीं अब तय होगा सम्मान या व्यापार सिक्के की खनक में अब भावना की गूंज नहीं सिर्फ अर्थ की आवाज़ सुनाई देती है यह सिक्का चलेगा पर शायद हमारी आत्मा अब भी कहीं खोई है।
भारत माता अब मुद्रा पर है पर उसकी आत्मा अब भी भूखी है जब तक उसके बच्चे भूख से तड़पते रहेंगे बेरोजगार घूमते रहेंगे तब तक कोई सिक्का चाहे जितना भी चमके माँ के आँचल की गरीबी नहीं छिपा सकेगा।
100 का सिक्का बाजार में चल रहा है पर माँ का सम्मान अब भी दिलों में नहीं चल पाया है हमने माँ को जेब में रखा दिल से निकाल दिया अब हमारे पास सिक्का है पर संवेदना नहीं है।
माँ अब आर्थिक व्यवस्था का हिस्सा है पर भावनात्मक व्यवस्था से गायब है शायद आने वाले समय में हम जय भारत माता का भी रेट तय कर देंगे और तब यह राष्ट्रवाद नहीं व्यापार कहलाएगा।
100 का सिक्का चल पड़ा है पर सवाल अब भी खड़ा है क्या अब हमारी माँ का मूल्य सच में सिर्फ सौ रुपये रह गया है या हम सब मिलकर उसे अमूल्य मानने की हिम्मत खो चुके हैं।







