व्यंग -राजेन्द्र सिंह जादौन, (म. प्र)
सब कुछ भगवा..?
एक पत्रकार मित्र से चर्चा चल रही थी। पत्रकार मित्र ने मुझसे कहा “अब तो भारत माता का सिक्का भी आ गया।” औऱ फिर शुरू हो गया सरकार को कोसने का सिलसिला। मैंने हँसते हुए कहा अरे भाई, यहाँ मुँह चलाने से क्या होगा, कलम चलाओ।”वो बेचारा दबी जुबान में बोला “भइया बाल-बच्चेदार आदमी हूँ।”
मैंने कहा “तो फिर मुँह काहे चला रहे हो? शुक्र मनाओ कि सिक्का सिल्वर है, वर्ना उसे भी भगवा रंग में निकालते। आखिर यह 100 साल का जश्न है। समझे ऐसे ही थोड़ी एक पेड़ ‘मा’ के नाम लगाते हैं, वो भी सिंदूरी। बाकी हरे बीके चक्कर में सारा ठेका अडाणी को दे दिया है जहाँ हरा जंगल दिखे काट दो, हम तो चाहते हैं कि जंगल भी भगवा हो जाए।”
कभी लगता है देश में अब रंगों की राजनीति का असली इंद्रधनुष बस भगवा हो गया है। बचपन में सीखा था सात रंग मिलकर इंद्रधनुष बनाते हैं, पर अब लगता है सारे रंग गुम हो गए हैं, बचा सिर्फ एक ही रंग जो सत्ता की पहचान है। यहाँ हरा दिखे तो शक होता है, नीला दिखे तो असहजता, लाल दिखे तो विरोध, सफेद दिखे तो संदेह। बाकी सब कुछ भगवा ही स्वीकार्य है। अब तो सूरज भी भगवा है, मंदिरों की दीवारें भगवी हैं, और राष्ट्र के प्रतीकों में भी वही रंग घुल चुका है।
राजनीति ने धर्म का वस्त्र ओढ़ लिया है और धर्म ने सत्ता का सिंहासन। अब सवाल यह नहीं कि सही कौन, सवाल यह है कि कौन भगवा है। मीडिया की माइक से लेकर मंचों की पृष्ठभूमि तक, सब कुछ एक ही रंग में रँग गया है। पत्रकारों की कलम अब स्याही नहीं ढूँढती, वो रंग देखती है कहीं गलती से हरे शब्द न उतर जाएँ।
आजकल हर बात की शुरुआत ‘जय’ से होती है और अंत ‘महिमा’ से। नारे भी अब नीति नहीं, नीयत बताते हैं। विचार की जगह अब ‘वंदन’ आ गया है। विरोध अब ‘देशद्रोह’ कहलाता है, सवाल अब ‘साजिश’ हैं, और विवेक अब ‘विपक्ष’ है। यह सब देखकर लगता है जैसे पूरा देश एक रंग की प्रयोगशाला बन गया हो, जहाँ हर चीज़ को भगवा साबित करना ही सबसे बड़ा ‘धर्म कार्य’ है।
कभी सोचता हूँ, अगर रंगों की संसद होती, तो वहाँ अब सिर्फ भगवा सांसद होते। नीला उठकर बोलने की कोशिश करे तो ‘शोर’ में दबा दिया जाए, हरा कहे कि मैं भी प्रकृति का प्रतीक हूँ तो कहा जाए तुम तो नक्सल हो। सफेद बोले तो कहा जाए तुम तो ‘गाँधीवादी’ हो, पीछे की कुर्सी पर बैठो। बस भगवा बोले तो सब ताली बजाएँ ‘जय श्री रंग’।
कला, संस्कृति, साहित्य सब पर यह रंग चढ़ चुका है। अब कवि भी कविता से पहले पूजा-पाठ करता है, लेखक भी लेख से पहले जयघोष। और पत्रकार… वो अब सवाल नहीं करता, सिर्फ बयान दोहराता है। उसे डर है कि अगर शब्द हरे हो गए तो रिपोर्टिंग लाल हो जाएगी, और फिर घर का चूल्हा बुझ जाएगा।
देश का हर कोना अब ‘सजाया’ जा रहा है भगवा दीप, भगवा झंडे, भगवा मंदिर, भगवा उद्घोष। पर कोई यह नहीं पूछता कि इस रंग के नीचे कितनी बेरोजगारी है, कितनी भूख है, कितनी आवाज़ें दबा दी गई हैं। जो पूछे, वो ‘दूसरे धर्म’ का कहलाता है।
अब तो लगता है कि पेड़ों पर भी भगवा पत्ते उगेंगे, नदियाँ भगवा बहेंगी, आसमान पर भगवा बादल होंगे। शायद आने वाले समय में जब बच्चे इंद्रधनुष बनाएँगे तो उन्हें सिर्फ एक ही रंग से पूरा पन्ना भरना होगा। क्योंकि उन्हें बताया जाएगा बाकी सब रंग नकली हैं, असली तो यही है।”
कभी यह देश विविधता के नाम से जाना जाता था अब एकरूपता ही पहचान है। सोचिए, एक रंग का झंडा कितना सुंदर दिखेगा, पर क्या वह किसी का प्रतिनिधित्व करेगा? शायद नहीं। पर यह सवाल उठाना अब गुनाह है क्योंकि सवाल भी अब ‘भगवा’ होना चाहिए।







