ब्यूरो ऊखीमठः लक्ष्मण सिंह नेगी।
ऊखीमठः मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रप्रयाग जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय, जाखधार में आयोजित दो दिवसीय सीमांत जनपद बाल विज्ञान महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने स्वागत संबोधन देते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और कहा कि उनकी उपस्थिति से बाल वैज्ञानिकों को नई ऊर्जा और प्रेरणा मिली है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस भव्य आयोजन से सीमांत जनपदों के बाल वैज्ञानिकों को एक नई दिशा और अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने इस अवसर पर युकोस्ट की रुद्रप्रयाग डैशबोर्ड पुस्तक का विमोचन भी किया। यह जीआईएस आधारित रिमोट सिस्टम डैशबोर्ड है, जिसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं से जुड़ी सूचनाएँ एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी।मुख्यमंत्री ने बाल वैज्ञानिकों से संवाद करते हुए कहा कि सीमांत जनपदों में अब ऐसे नवाचार केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहाँ आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी उपयोगी जानकारी और प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पद्मश्री कल्याण सिंह रावत, सीमांत क्षेत्र के उद्यमी इंद्र सिंह रावत, और सीमांत सेवा फाउंडेशन के डॉ. पाटनी को सम्मानित किया।
महोत्सव में कुल छह जनपदों के 238 बाल वैज्ञानिक प्रतिभाग कर रहे हैं, जिनमें 90 छात्र और 148 छात्राएँ शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत नवाचार, अनुसंधान और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ छू रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का विजन है कि “नए भारत की गति और दिशा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के नवाचारों पर निर्भर करेगी।”मुख्यमंत्री ने बताया कि विज्ञान की नई तकनीकों के बल पर आज भारत अंतरिक्ष सहित कई क्षेत्रों में अपना परचम लहरा रहा है। देहरादून देश की पाँचवीं साइंस सिटी बनने जा रही है, जो उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा विभिन्न सरकारी सेवाओं को ई-गवर्नेंस के माध्यम से ऑनलाइन पोर्टल द्वारा सरल और सुलभ बनाया जा रहा है, जिससे जनसामान्य को पारदर्शी और प्रभावी सेवाएँ मिल रही हैं।









