संवाददाता अल्मोड़ाः दिनेश भट्ट।
अल्मोड़ा जिले के नगर निगम पार्षद शिष्टमंडल ने रूप में जिला अधिकारी से सामोहिक तौर पर की मुलाकात।
अल्मोड़ाः समस्त पार्षद शिष्टमंडल के रूप में अल्मोड़ा जिलाधिकारी से मुलाकात के लिए पहुंचे। सबसे पहले पार्षदों ने नव नियुक्त जिलाधिकारी का स्वागत किया और उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके बाद नगर की लंबे समय से लंबित और जनहित से जुड़ी कई समस्याओं पर विस्तृत चर्चा हुई। पार्षदों ने शहर की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताते हुए जिलाधिकारी को पूरी जानकारी दी और तुरंत कार्रवाई की जरूरत वाले मुद्दों पर ध्यान दिलाया।
बैठक का मुख्य विषय नगर आयुक्त की जल्द नियुक्ति रहा। पार्षदों ने कहा कि नगर आयुक्त के अभाव में कई जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं। सफाई व्यवस्था, निर्माण कार्य, जल आपूर्ति और अन्य दैनिक सेवाओं पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। उनका कहना था कि नगर आयुक्त की नियुक्ति होने से कामकाज में तेजी आएगी और लंबित कार्य समय पर पूरे हो सकेंगे।
बंदरों की बढ़ती समस्या को भी गंभीर रूप से रखा गया। पार्षदों ने बताया कि ग्रामीण और घनी आबादी वाले इलाकों में बंदरों का आतंक बढ़ता जा रहा है, जिससे नागरिक और व्यापारी दोनों परेशान हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि फॉरेस्ट विभाग और नगर निगम की संयुक्त बैठक बुलाकर एक समन्वित अभियान शुरू किया जाए ताकि बंदरों को पकड़ने और नियंत्रण के प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
जिलाधिकारी ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि नगर आयुक्त की नियुक्ति सहित बाकी समस्याओं पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन जनता की चिंताओं को समझता है और जल्द समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
पार्षदों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से नगर की समस्याओं का समाधान तेजी से होगा और शहर की व्यवस्थाएं बेहतर होंगी।
उपस्थित पार्षद:
मुकेश कुमार, चंचल दुर्गापाल, अंजू बिष्ट, रोहित सिंह कार्की, रीना टम्टा, दीपक कुमार, हेम तिवारी, भूपेंद्र जोशी, वैभव पांडे, कमलेश मेर, गुंजन चम्याल, जानकी पांडे, नवीन चंद्र आर्य, अनूप भारती, इंतकाब कुरैशी।







