राजकुमार कुम्भज
जवाहरमार्ग, इन्दौर
_____________________
(नया अध्याय, देहरादून)
अपनी-अपनी आदत अनुसार.
__________________
अपनी -अपनी आदत अनुसार
बच्चों ने खींच दी हैं कुछ लकीरें रॅंग-बिरॅंगी
उन तमाम -तमाम कच्ची – पक्की
सड़कों पर,दीवारों पर
जिन्हें बनाया है कुछेक ठस
और ठोस मसख़रे कारीगरों ने
अपने भुगतानकर्ता आक़ाओं के
सनसनाते सनकी आदेशों पर
रोटी -बोटी के छूत जैसे चक्रव्यूह में
बच्चों द्वारा लकीरें खींचने से ज़रा पहले-पहले तक
वहाॅं खड़े – खड़े मूतते थे
कुछेक ढोरनुमा अभद्रजन
और अपने-अपने गुप्ताॅंगों को
अपनी-अपनी अशुभ आदत अनुसार
करते हुए हस्तप्रक्षालन.
____________________
पहले मैं फिर दु:ख.
_____________________
पहले आऊॅंगा मैं फिर आऍंगे दु:ख
हरी घास पर रेंगते कीड़े भी हो सकते हैं
अर्थवान और आसपास
उनकी सेवाऍं नहीं जानता रेडक्रास
तो करूॅं क्या मैं
रोज़ – रोज़ मरता हूॅं,
तो क्या फिर-फिर मरूॅं रोज़ -रोज़
लाशें बिछी पड़ी हैं सड़कों पर
और-और जुलूस -सभा भी
बंद हैं दरवाज़े, अर्थादेश पहुॅंचते नहीं हैं
ग़रीबों के गंतव्य तक
परिवार -नियोजन के पोस्टरों से
भरा पड़ा है शहर.
_____________________
है ज़िम्मेदारी दोस्तों की भी.
_____________________
साबित करो, साबित करो
कि दुश्मनों का बढ़ते जाना दरअसल
होता नहीं है दोस्तों का घटते जाना
अगर सच बोलने की आदत
मुझे करती जा रही है हर कहीं अकेला
और बेहद अकेला
तो क्यों और कैसे नहीं है ज़िम्मेदारी
मेरे साथ -साथ, मेरे अपने ही
दोस्तों की भी
है ज़िम्मेदारी दोस्तों की भी
सुलगाऍं सिगरेट.
____________________







