डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या।
(नया अध्याय, देहरादून)
लुढ़कते आँसू
कपोलों को अभिसिंचित करतीं
अश्रु-बूँदें खोल देतीं हैं हृदय-पुस्तक के
अनछुए-अपठित-रहस्यमयी पन्नों को।
बन जाती हैं साक्ष्य ये अश्रु-बूँदें-
उन पलों की जो समेटे रहते हैं अपने में
सुख-दुख,हर्ष-विषाद,यश-अपयश,जीवन-मरण के
नैसर्गिक अहसास को।
आँसू नाम है उस प्रवाह का जो
निःसरित हो कर हलका कर देता है-
उस बोझ को जिसके दबाव से
उर रहता है सतत कम्पित।
उर-पुस्तक की रहस्यमयी पृष्ठों पर
अंकित भावों के निःसरण का अत्यंत
ईमानदार द्वार हैं आँसू।
मन में छिपे भावों को बेहिचक
प्रकट कर देते हैं कपोलों को
भिगोने वाले आँसू।
एक प्राकृतिक औषधि है-
इनका प्रवाह।







