डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या
(नया अध्याय, देहरादून)
गया वसंत
गया वसंत कंत नहिं आए,
अब बारी है पतझर की।
मन उदास मत करो राधिके!
धीरज उर में रख कर देखो।
होगी पुनरावृत्ति प्रीति सँग-तेरे भी नटवर की।।
आना-जाना लगा ही रहता,
इसकी क्या चिंता करना?
वर्तमान तो बदलेगा ही,
इसकी यही नियति है।
आने वाले कल में देखना-झलक मिलेगी प्रियवर की।।
चलो डगर पर, क़दम न गिनना,
होवे भले थकन भी।
मंज़िल हाथ पसारे बढ़ती,
लेकर आस मिलन की।
होगी मुदित मंजुला मंज़िल-निरखि के छवि दिलवर की।।
पथिक प्रगति-पथ पर जब चलता,
नहीं पता उसको लगता।
उसका स्वागत करेगी शीतल,
पवन या अंधड़ की बेला।
मंजिल पाकर मिलती राहत-जैसे छाया तरुवर की।।
डगमग नाव खेवैया अनगढ़,
पार नहीं लग पाओगे।
पर सह लहर-थपेड़ों को,
तुम साहिल पे लग जाओगे।
राह सिखाती स्वयं चाल-गति-अपने राही रहबर की।।
होगी मुदित मंजुला मंजिल-निरखि के छवि दिलवर की।।
टूटी आस तो टूटोगे तुम,
आशा-दीप जलाये रखना।
छाए बहु अँधियारा फिर भी,
यात्रा-पथ पर चलते रहना।
निश्चित आभा उजियारे की-देगी राहत जीवन भर की।।
होगी मुदित मंजुला मंज़िल-निरखि के छवि दिलवर की।।
कलम का सिपाही
कलम के सिपाही को मेरा सलाम,
हमेशा जो रचता मनोरम कलाम,
इसको न छेड़ो कभी दुनियावालों,
करता कटार-ए- कलम से ये काम।।
शब्द के बाण से लक्ष्य को साधता,
शिल्प की रज्जु से भाव को बाँधता।
स्निग्ध भाषा सुकोमल के योग से,
शृंगार लेखन का करे वह ललाम।।
कलम के सिपाही को……….।।
भाव-भाषा-गठन वह सिपाही करे,
ज्ञान का सिंधु हरपल उसी में भरे।
पढ़ के पाठक हों हुलसित यही कहें,
काव्य का यही एक उत्तम है धाम।।
कलम के सिपाही को………..।।
कलम का सिपाही न रुकता कभी है,
वह लिखता-पढ़ता न थकता कभी है।
हरा काल को लिखे ग्रंथ उसके ही,
उसे दें अमरता का अद्भुत इनाम।।
कलम के सिपाही को……….।।
शांति है,क्रांति है,भक्ति है,भाव है,
ज्ञान के सिंधु की वह सुलभ नाव है।
लोक-कल्याण-कारण सिपाही बना,
कलम का सिपाही पड़ा उसका नाम।।
कलम के सिपाही को मेरा सलाम।।







