राजकुमार कुम्भज
जवाहरमार्ग, इन्दौर
(नया अध्याय, देहरादून)
_____________________
उधर वसंत.
_____________________
फ़ुरसत नहीं है
न तुम्हें,न मुझे,न वक़्त को ही
हम तीन हैं,तीनों ही जल्दी में हैं
सब कुछ आधा-अधूरा इधर
और उधर वसंत.
_____________________
नाचता वसंत.
_____________________
बिना पूछे आया
आया संपूर्ण आया
कमतर नहीं ज़रा भी
फिर कौन हुआ ॳॅंकुरित
ठहरा कौन,कब,कहाॅं
याद करता हूॅं जीवन-सॅंगीत
या कि नाचता वसंत.
_____________________
चुप-चुप आया है वसंत.
_____________________
छत पर,मुॅंडेर पर
घर-ऑंगन,दीवारों-सड़कों पर
चुप-चुप आया है वसंत
पुनः पुनः ताज़ा ख़बर जैसे
दरारें दर्पण की फाॅंदते हुए
कामना लिए मुक्त.
_____________________
अपना-सा वसंत.
_____________________
है सब कुछ है सरल
ख़ारिज़ हैं अफ़वाहें अफ़सोस
पत्ते-पत्ते पर ओस-कण
जन्म-जन्मांतर थोड़ा-थोड़ा
अपना-सा वसंत.
_____________________
अशर्फ़ियाॅं लुटाता है वसंत.
_____________________
उत्सव है जगह-जगह
आनंद का अभिनंदन है बे-हिसाब
नशा ही नशा है चारों तरफ़
अशर्फ़ियाॅं लुटाता है वसंत
बाक़ी बे-मतलब.
_____________________







