सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री एवं लेखिका
नवापारा-राजिम, रायपुर (छत्तीसगढ़)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
“यह जीवन ईश्वर द्वारा दी गई एक भेंट है, इसे भरपूर जिएं।” — सुश्री सरोज कंसारी
▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬▬
जीवन की लंबाई हमारे हाथ में नहीं है, पर इसकी गहराई (हम इसे कितनी खुशी से जीते हैं) पूरी तरह हमारे हाथ में है। इसलिए, हर दिन को उत्सव की तरह जिएं। आज का इंसान भागदौड़ और व्यस्तता भरी इस ज़िन्दगी में सुकून के लिए व्याकुल रहता है। न जाने दिन-भर में हम कितने ही लोगों से मिलते हैं और उनकी बातों से प्रभावित होकर अपनी मानसिकता बना लेते हैं। लेकिन जीवन में सही और गलत के बीच उचित निर्णय लेना अत्यंत आवश्यक है। जब हम विवेक से निर्णय लेते हैं, तभी हमें आभास होता है कि हमारे लिए कौन सा कार्य श्रेयस्कर है और कौन सा हानिकारक। अक्सर जब हम केवल अपनी इच्छाओं के वशीभूत होकर चलते हैं, तो गलत निर्णय लेने की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए अपनी चंचल इच्छाओं पर नियंत्रण पाने के लिए एकाग्र होना जरूरी है। हमें सांसारिक कोलाहल से कुछ समय निकालकर प्रतिदिन कुछ मिनट एकांत में बैठना चाहिए और आत्म-चिंतन करना चाहिए कि वास्तव में जीवन की सार्थकता किसमें है? अंततः हमें वही कार्य करना चाहिए जिससे हमारी आत्मा को सच्ची तृप्ति और शांति मिले। चाहत के सफर की कोई मंजिल नहीं होती, बहुत भटकाव पूर्ण होती है इसकी राह। चारों तरफ भागते-दौड़ते मन की चंचलता को वश में कर लेना मनुष्य जीवन की सबसे बड़ी विजय होती है। आज के माहौल में सिर्फ भौतिक रूप से सुखी संपन्न होने के लिए उचित-अनुचित का ज्ञान किए बिना ही, हम नकल कर रहे आधुनिक संस्कृति का अनुसरण करते हैं। जहां मानवीय भावनाएँ हर पल आहत हो रही होती हैं, एक दूसरे को हराने के लिए विभिन्न प्रतिस्पर्धा में शामिल होते हैं, जहां शारीरिक और मानसिक रूप से चोटिल होते ही रहते हैं। आज हृदय में प्रेम कम, सिर्फ स्वार्थ प्रबल है। अनंत इच्छाओं को पालकर जी रहे हैं, पूरी न होने पर क्रोधित और उत्तेजित हो जाते हैं। सिर्फ अधिक धन-दौलत, सुख-समृद्धि पाने और संग्रहित करने के लिए उत्सुक रहते हैं। इसलिए मन को एकाग्र नहीं कर पाते। शांत न रहने से छल-कपट, ईर्ष्या, द्वेष से भर जाते हैं। अपनी इच्छाओं को पूर्ण करने के लिए कोई भी कदम उठाने के लिए तैयार हो जाते हैं। बाह्य चकाचौंध में डूबकर अपनी आत्मा की आवाज नहीं सुन पाते। यही वजह है कि रिश्तों की भीड़ में भी हम कभी-कभी तन्हा पाते हैं खुद को। क्योंकि अपनी इच्छाओं के पीछे जब जाते हैं, उस वक्त एक जुनून होता है, जोश होता है। अति व्यस्त होने के कारण अपनों के संग आत्मीय संवाद स्थापित नहीं हो पाते। स्नेह, करुणा, दया और अपनेपन का जीवन में स्पर्श न हो पाने के कारण विलासिता पूर्ण जीवन को ही जीवन का एक उद्देश्य बना लेते हैं। जैसे-जैसे हम तरक्की करते हैं, प्रगति की सीढ़ी चढ़ते हैं, वैसे-वैसे अपनों से दूर होते हैं। उस वक्त किसी रिश्ते-नाते, मित्र को महत्व नहीं देते। कभी संतुष्ट नहीं होते, एक की पूर्ति होने पर दूसरी चाहत करने लगते हैं। प्रत्येक इंसान को प्रेम की प्यास होती है, जिससे आत्मा शुद्ध होती है, पवित्र भाव होते हैं। लेकिन आज परिवारिक, सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक विभिन्न क्षेत्रों में अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए खुद को श्रेष्ठ साबित करने, दूसरों को नीचा दिखाने की एक होड़ होती है। और किसी विषय में विचारों में समानता, सामंजस्य न हो पाने के कारण नफरत के भाव पनपते हैं, जिससे झगड़े-विवाद, बहस बढ़ते हैं। सब कुछ पा लेने के बाद भी सुकून नहीं मिलता, क्योंकि हम उसके लिए कभी प्रयास ही नहीं करते। मन में एक ही पल में कई प्रकार के विचारों के प्रवाह होते ही रहते हैं। मनुष्य का मन वैसे तो आशा, उत्साह और जिज्ञासा से भरा होता है। किसी चीज को पाने की चाह हर पल को जीने के लिए प्रेरित करती है। लेकिन इच्छाओं का कोई अंत नहीं, इसलिए उसके गुलाम मत बनिए। जीवन को मर्यादित, संस्कारित और संयमित करने का प्रयास कीजिए। चाहत के सफर की कोई मंजिल नहीं होती, बहुत ही भटकाव पूर्ण होती है इसकी राह। इसलिए वही करें जिससे दिल और दिमाग़ में ज्यादा किसी बात का बोझ न रखें। हमेशा सहज रहने की कोशिश कीजिए। जिंदगी एक अनमोल उपहार है, उससे बढ़कर और कोई दौलत नहीं। बस, छोटी-छोटी बातों में खुश रहने औरों को खुशियाँ देने का हर संभव प्रयास कीजिए। चैन की नींद लेना जरूरी है, आराम और अपनों के साथ हंसी-ठिठोली और मनोरंजन के पल बिताइए। रात-दिन सोचते मत रहिए, कहां से कैसे हर शौक पूरी हो जाएं, ज्यादा मिल जाएं? बल्कि ये सोचिए जो है उसे मिल बांटकर खाएं, एक दूसरे की मदद करें, ईश्वर ने जो दिया वो बहुत है। पल भर की कहानी है यह जिंदगी, आज है, जब तक सांस चल रहीं हैं अवसर है, उसे भरपूर उपयोग करें। परोपकारी बने और दिल से महसूस करें खुशियों को। भविष्य के बारे में सोचकर खुद को परेशान मत कीजिए। आज के पल रहिए और अच्छे कार्य कीजिए और आंतरिक द्वंद से निकाल लें। खूब मेहनत कीजिए पर ईमानदारी से जो मिले उसे ही अपना मानिए। ख़ुद के जीवन में झूठ का समावेश बिल्कुल मत कीजिए। दिन भर कड़ी मेहनत करने के बाद रात में आराम से सो जाइए। क्या होगा सुबह ये मत विचार कीजिए? आज का दिन अच्छा बिता, अच्छा किए, इस बात पर गर्व कीजिए। आपने किसी का दिल नहीं दुखाया, चोरी नहीं की, किसी को उपेक्षित नहीं किए, यह बहुत बड़ी उपलब्धि है।
—————————————-







